आम चुनाव 2024 की तारीख नजदीक आने के साथ ही सियासी जोड़-घटाव का दौर भी जोर पकड़ता दिख रहा है। एक ओर जहां विपक्षी इंडिया गठबंधन बिखरता दिख रहा है तो वहीं दूसरी तरफ सत्ताधारी एनडीए में रोज नए साझेदारों के जुड़ने की खबरें आ रही हैं। राजनीतिक हलकों में हवा है कि आंध्र प्रदेश में एन. चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) एक बार फिर से एनडीए का दामन थाम सकती है। पार्टी सूत्रों की मानें तो टीडीपी और बीजेपी के बीच गठबंधन को लेकर सहमति बन गई है। दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात में दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग पर बात लगभग पूरी हो गई है और जल्द ही गठबंधन का ऐलान किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि राज्य की कुल 25 लोकसभा सीटों में से भाजपा ने 10 सीटें मांगी हैं। हालांकि टीडीपी पहले ही अभिनेता से नेता बने पवन कल्याण की जन सेना के साथ गठबंधन कर चुकी है। पार्टी ने जन सेना के लिए लोकसभा की 3 सीटें छोड़ने का ऐलान किया है। ऐसे में बीजेपी को 10 सीटें देना टीडीपी के लिए मुश्किल लग रहा है। गौरतलब है कि यह पहली मौका नहीं है जब यह तीनों दल साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। इससे पहले वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में भी आंध्र प्रदेश में टीडीपी, जन सेना और बीजेपी ने मिलकर चुनाव लड़ा था।
फिर साथ आएंगे टीडीपी-बीजेपी

