राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की परेशानियां दूर नहीं हो पा रही हैं। अब मुख्यमंत्री इस बात को लेकर चिंतित बताये जाते हैं कि उनके तीन खास विधायक सचिन पायलट खेमे के संपर्क में हैं। इस बात की सूचना उन्हें गुप्तचर विभाग से मिली है इसलिए वे चौकन्ने हो गए हैं। बताया जाता है कि विधायकों पर नजर रखने के लिए अब जैसलमेर होटल में सीआईडी तैनात कर दी गई है।
फिलहाल सभी विधायक सीआईडी की पहरेदारी में रहेंगे। इसी के साथ कोई भी विधायक अकेले में बात नहीं कर सकता है। विधायकों का सभी के बीच बैठकर बात करना अनिवार्य होगा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ जुड़े करीब 107 विधायकों में सेंध की सूचना के बाद ही सभी को जयपुर से जैसलमेर स्थानांतरित किया गया था। याद रहे कि पहले 19 दिन सभी विधायक जयपुर के फेयर माउंट होटल में रहे थे। जहां मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उनकी बाड़ेबंदी की थी । इस बाड़ेबंदी में सचिन पायलट गुट सेंध मारने की कोशिश में लगा हुआ था।

बताया जा रहा है कि कई दिनों से सूचनाएं मिल रही थी कि जयपुर में सचिन पायलट गहलोत के कई विधायकों से संपर्क में हैं। जिसके कारण ही चार दिन पहले जयपुर से विधायकों को जैसलमेर के सूर्यगढ़ होटल में लाया गया था। फिलहाल सुनने में आ रहा है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के 3 विधायकों से सचिन पायलट के विश्वस्त सूत्र संपर्क में है। इन तीन विधायकों से सचिन पायलट के विश्वस्त सूत्र उस दौरान से ही संपर्क में बताए जा रहे हैं जब वह जयपुर के फेयरमाउंट होटल में थे।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को सीआईडी ने यह सूचना दी है कि 2 दिन पहले भी वही तीन विधायक सचिन पायलट के विश्वस्त सूत्रों के संपर्क में आए थे । यह संपर्क विधायकों के परिजनों के जरिए हुआ था। उसके बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सभी विधायकों की बाड़ेबंदी को सख्त करने के निर्देश दिए हैं ।
यहां यह भी बताना जरूरी है कि पहले से ही 700 पुलिसकर्मी उस होटल के आसपास तैनात हैं जिसमें मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के विधायक रुके हुए हैं। फिलहाल मुख्यमंत्री ने सीआईडी को भी जैसलमेर के होटल सूर्यगढ़ के आसपास लगा दिया है । जिससे कोई विधायक सचिन पायलट के सूत्रों से संपर्क में ना आ सके।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अब सभी विधायकों की सख्त पहरेदारी कर दी है। जिसके तहत अब कोई एमएलए होटल से बाहर नहीं जा सकता है। इसी के साथ ही कोई भी विधायक अकेले में बात नहीं कर सकता है। अगर किसी से बात करनी है तो सभी के बीच बैठ कर बात करनी होगी। इसी के साथ ही अकेले दो विधायक कमरे में नहीं बैठ सकते हैं । यही नहीं बल्कि जैसलमेर के होटल सूर्यगढ़ के बाहर पुलिस का सख्त पहरा होने के बावजूद भी बैरीकेटिंग लगा दी गई है।

