मध्यप्रदेश में 28 सीटों पर हुए उपचुनाव के दौरान शिवराज सरकार के खिलाफ लोकतंत्र बचाओं यात्रा निकालने वाले कम्प्यूटर बाबा नामदेव दास त्यागी को भारी पड़ गया है। उनके अवैध कब्जे वाली जगह जहां उनका गोम्मट गिरी आश्रम था उस को प्रशासन ने तोड़ दिया है, साथ ही प्रिवेंटिव डिटेंशन के तहत बाबा को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।
दरअसल इंदौर में एयरपोर्ट रोड पर जम्बूडी हप्सी गांव में बाबा का आश्रम था। आरोप है कि गौशाला की 46 एकड़ जमीन पर कब्जा कर इसमें से 2 एकड़ जमीन पर आश्रम बना दिया गया। प्रशासन ने 2 महीने पहले कंप्यूटर बाबा को नोटिस देकर कागज पेश करने को कहा था। 2 हजार रुपए का फाइन लगाकर कब्जा हटाने के लिए भी कहा था। लेकिन बाबा की तरफ से न कोई कागज दिखाया गया और न ही कब्जा हटाया गया। ADM अजयदेव शर्मा रविवार सुबह नगर निगम की टीम और पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और आश्रम तुड़वा दिया। विरोध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने बाबा और उनके 4 सहयोगियों को पहले ही हिरासत में ले लिया था।
बाबा का संबध राजनीति से रहा है। लोकसभा चुनाव के दौरान बाबा ने दिग्विजय सिंह के समर्थन में यज्ञ किया था और भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का विरोध किया था। वहीं बाबा के समर्थन में उतरे दिग्विजय सिंह ने आश्रम तोड़े जानें पर राजनीतिक बदलें की कार्रवाई बताया है।

