मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के दल-बदल का सिलसिला जारी है। आचार संहिता की घोषणा हो गई है और एक चरण में विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे। बीजेपी ने मैहर विधानसभा सीट से मौजूदा विधायक नारायण त्रिपाठी का टिकट काट दिया है। यहां के केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक नेता श्रीकांत चतुर्वेदी को उम्मीदवार घोषित किया गया है। नारायण त्रिपाठी को लेकर कहा जा रहा है कि वे एक बार फिर से पार्टी बदल सकते हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि वे भाजपा छोड़ कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं। नारायण त्रिपाठी नवरात्रि में कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। हाल ही में बीजेपी सरकार ने मैहर को जिला घोषित किया है। मैहर को जिला बनाने का श्रेय नारायण त्रिपाठी ने कांग्रेस की सरकार को दिया था। नारायण त्रिपाठी लंबे समय से बीजेपी के खिलाफ हमलावर हैं। उन्होंने अलग विंध्य प्रदेश की मांग करते हुए खुद का संगठन बना लिया है। पहले कहा जा रहा था कि नारायण त्रिपाठी इस बार इस संगठन से चुनाव लड़ेंगे, लेकिन अब उनके कांग्रेस में शामिल होने की संभावना है। गौरतलब है कि नारायण त्रिपाठी करीब दो सालों से अपनी ही पार्टी और सरकार के खिलाफ हमलावर हैं। इसके बाद भी बीजेपी ने उन्हें पार्टी से बाहर नहीं निकाला था। 2018 का विधानसभा चुनाव उन्होंने बीजेपी के टिकट से जीता था। वो अलग विंध्य प्रदेश की मांग कर रहे हैं। नारायण त्रिपाठी ने विंध्य विकास पार्टी का गठन किया। विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने कहा था कि हमारी पार्टी के प्रत्याशी अलग-अलग सीटों से चुनाव लड़ेंगे। मैहर जिला बनने के बाद भी उन्होंने कहा था कि जैसे मैहर अलग जिला बना है उसी तरह अलग विंध्य प्रदेश भी बनेगा।
कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं त्रिपाठी

