मोदी सरकार 2 का कार्यकाल शुरू हुए डेढ माह होने को जा रहा है। इस दौरान
एक
सांसद को छोडकर सभी ने शपथ ले ली है। लेकिन उत्तर प्रदेश का एक सांसद ऐसा भी है जो अभी संसद में शपथ नही ले पाया है। बसपा का यह सांसद एक युवती से रेप का आरोपी है और जेल में बंद है।
फिलहाल रेप के आरोपी बसपा सांसद अतुल राय ने शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए कोर्ट से अनुमति मांगी है। 5 जुलाई को घोसी से बसपा सांसद अतुल राय ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम की अदालत में दो प्रार्थना पत्र दिए है ।जिसमे सांसद की सदन में शपथ ग्रहण करने की अनुमति व जेल में पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने की मांग शामिल है। बताया जा रहा है कि सांसद के प्रार्थना पत्र पर कोर्ट 28 जून को सुनवाई करेगा।
गौरतलब है कि जेल में रहने के चलते घोसी सांसद अतुल राय अभी तक शपथ नहीं ले पाये हैं। अखिलेश यादव व मायावती के गठबंधन से घोसी संसदीय सीट से अतुल राय को टिकट मिला था। नामांकन करने के बाद ही यूपी कॉलेज की पूर्व छात्रा ने अतुल राय पर रेप का आरोप लगाते हुए लंका थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद से अतुल राय फरार हो गये थे।
बाहुबली मुख्तार अंसारी के खास माने जाने वाले अतुल राय को पुलिस इस मामले में गिरफ्तार नहीं कर पायी थी। फरार रहते हुए ही घोसी संसदीय सीट से वह चुनाव जीता था । उसके बाद बनारस कोर्ट में जाकर राय ने सरेंडर कर दिया था। इसके बाद से अतुल राय जेल में बंद है और अभी शपथ भी नहीं ले पाये हैं।
सांसद अतुल राय ने कोर्ट में दिये गये प्रार्थना पत्र में कहा है कि 17 जून से 26 जुलाई तक संसद का सत्र चलेगा। जेल में रहने के चलते वह शपथ ग्रहण में भाग नहीं ले पाया हैं। जेल में उसकी जान को खतरा है और खाने में जहर मिला कर उनकी हत्या की जा सकती है।
ऐसे में कोर्ट से मांग की गयी है कि बसपा सांसद अतुल राय को जेल में पर्याप्त सुरक्षा देने के साथ उन्हें घर का भोजन मंगाये जाने की अनुमति मिले। साथ ही पुलिस अभिरक्षा में संसद भेज कर शपथ ग्रहण कराया जाये।

