पूरी दुनिया में पैर पसार चुके कोरोना वायरस से पार पाने के लिए कई देशों में वैक्सीन पर अध्यन चल रहा है। कई देशों ने तो दावा भी किया कि कोरोना की वैक्सीन तैयार हो गई है। हाल ही में रूस के वैज्ञानिकों ने दावा किया था कि वो दस अगस्त तक कोरोना वैक्सीन की पहली क़िस्त को मंजूरी दे सकते हैं । वहीं विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने अमेरिका, ब्राजील, भारत, साउथ अफ्रीका और कोलंबिया में बिगड़ते हालातों के प्रति चेतावनी देते हुए कहा कि फिलहाल कोरोना वायरस की वैक्सीन बनने में वक़्त लगने वाला है। तब तक दुनिया को इसके साथ जीना सीख लेना चाहिए।WHO के प्रमुख टेड्रॉस अडहॉनम गीब्रीएसुस ने कहा है कि दुनिया को करोना वायरस के साथ ‘जीना सीखना होगा.’ अगर युवा ये समझ रहे हैं कि उन्हें वायरस से खतरा नहीं तो ऐसा गलत है। युवाओं की न सिर्फ संक्रमण से मौत हो सकती है, बल्कि वे कई कमजोर वर्गों तक इसे फैलाने का काम भी कर रहे हैं।
टेड्रॉस ने कहा कि ‘हम सभी को इस वायरस के साथ रहना सीखना होगा और हमें अपने और दूसरों के जीवन की सुरक्षा करते हुए,जिंदगी जीने के लिए ज़रूरी एहतियात अपनाने की ज़रूरत है। उन्होंने कई देशों में फिर से जारी की गई पाबंदियों की प्रशंसा भी की है। टेड्रॉस ने सऊदी अरब की लगाई पाबंदियों का ज़िक्र किया और सऊदी सरकार के क़दमों की तारीफ करते हुए कहा कि इस तरह के कड़े कदम उठा कर सरकार ने उदाहरण पेश किया है कि आज के दौर की बदली हकीकत के साथ तालमेल बैठाने के लिए वो क्या-क्या कर सकते हैं।
युवाओं को भी है खतरा
टेड्रॉस ने कहा कि कोरोना से युवाओं को भी ख़तरा है लेकिन कई देशों में युवा इसे सामान्य संक्रमण मान रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘हम पहले भी चेतावनी दे चुके हैं और फिर कह रहे हैं कि युवा भी कोरोना के कह से अछूते नहीं है, वो भी जोखिम में है। युवा भी कोरोना से संक्रमित हो सकते हैं। वो भी मर सकते हैं और वो भी दूसरों में संक्रमण फैला सकते हैं। इसलिए उन्हें अपनी सुरक्षा के अलावा दूसरों की सुरक्षा के भी उपाय करने चाहिए। टेड्रॉस ने कहा कि दुनियाभर के लोगों को मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।
वैक्सीन आने में लगेगा एक साल
ऑक्सफ़ॉर्ड यूनिवर्सिटी की बनाई वैक्सीन कितनी कारगर होगी या नहीं इसके बारे में हमें अगले साल ही पता चलेगा। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पास्कल सोरियो ने कहा है कि ‘इस वायरस का व्यवहार बेहद अप्रत्याशित है। ऐसे में इससे बचने के लिए वैक्सीन की एक डोज़ काफी होगी या नहीं ये अभी कहा नहीं जा सकता.’ कंपनी ने बताया कि ‘हमें उम्मीद है कि वैक्सीन कम से कम 12 महीनों तक प्रभावी रहेगी।
कंपनी का कहना है कि ब्रिटेन, अमेरिका, ब्राज़ील और दक्षिण अफ्रीका में वैक्सीन का ह्यूमन ट्रायल चल रहा है इसके नतीजे भी जल्दी ही आ जाएंगे. शुरूआती ट्रायल में पता चला है कि ये वैक्सीन शरीर की रोग प्रतिरोधक शक्ति को बीमारी से लड़ना सिखा सकती है,हालांकि, वायरस से सुरक्षा के लिए ये काफी है या नहीं इस बारे में अब तक कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है।