तापसी पन्नू अब अपने करियर का सबसे चुनौतीपूर्ण रोल निभाने जा रही हैं। फिल्म ‘गांधारी’ में वह आंखों पर पट्टी बांधकर एक्शन करती नजर आएंगी जो न सिर्फ उनके अब तक के किरदारों से बिल्कुल अलग है बल्कि एक मां की भावनात्मक लड़ाई और रिवेंज ड्रामा के जरिए दर्शकों को एक नया सिनेमाई अनुभव देने का दावा भी करता है

बॉलीवुड में लीक से हटकर भूमिकाएं चुनने के लिए पहचानी जाने वाली तापसी पन्नू एक बार फिर अपने नए प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में रिलीज हुई उनकी फिल्म अस्सी भले ही बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन न कर सकी हो लेकिन उनकी अभिनय क्षमता को दर्शकों और समीक्षकों ने सराहा। अब इसी के बाद तापसी ने अपने करियर को एक नए स्तर पर ले जाने की तैयारी कर ली है।

तापसी की अगली फिल्म गांधारी होगी, जिसे देवेश मखीजा निर्देशित कर रहे हैं जबकि इसकी कहानी कनिका ढिल्लों ने लिखी है। यह फिल्म सिनेमाघरों के बजाय ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज की जाएगी, जिससे साफ है कि इसे एक खास तरह के दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘गांधारी’ एक रिवेंज ड्रामा है, जिसकी कहानी एक ऐसी मां के इर्द-गिर्द घूमती है जो अपने बच्चे की सुरक्षा के लिए हर हद तक जाने को तैयार है। इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसका एक्शन है, तापसी इसमें आंखों पर पट्टी बांधकर एक्शन सीक्वेंस करती नजर आएंगी। यह प्रयोग न केवल तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण है बल्कि अभिनय के स्तर पर भी बेहद कठिन माना जा रहा है।

फिल्म का नाम और इसकी थीम भारतीय महाकाव्य गांधारी से प्रेरित है, जिन्होंने अपने नेत्रहीन पति धृतराष्ट्र के प्रति समर्पण दिखाने के लिए जीवनभर आंखों पर पट्टी बांधे रखी थी। इसी प्रतीकात्मकता को आधुनिक कहानी के साथ जोड़कर फिल्म को एक अलग पहचान देने की कोशिश की गई है।

वर्कफ्रंट की बात करें तो तापसी पन्नू लगातार अलग-अलग जाॅनर में खुद को आजमा रही हैं। 2025 में वह काॅमेडी फिल्म ‘खेल खेल में’ में नजर आई थीं जबकि उनकी फिल्म ‘वो लड़की है कहां’ भी लम्बे समय से चर्चा में है, जिसमें उनके साथ प्रतीक गांधी दिखाई देंगे।

‘गांधारी’ की शूटिंग मार्च में पूरी हो चुकी है और उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म इसी साल के अंत तक नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि तापसी पन्नू का यह नया और जोखिम भरा प्रयोग दर्शकों को कितना प्रभावित करता है।

You may also like