बाॅलीवुड में अब प्यार सिर्फ दिल का मामला नहीं रहा, यह इमेज बिल्डिंग, फिल्म प्रमोशन, ब्रांड एंडोर्समेंट और सोशल मीडिया एंगेजमेंट का ताकतवर हथियार बन चुका है। रेड कारपेट पर साथ दिखना, एयरपोर्ट पर ‘कैजुअली’ हाथ पकड़ना, रहस्यमयी इंस्टाग्राम पोस्ट और कभी-कभी फिल्म रिलीज से ठीक पहलेब्रेकअप की खबरें क्या यह सब महज संयोग है या पर्दे के पीछे चल रही है एक सोची-समझी रणनीति?
मुम्बई की चमचमाती फिल्मी दुनिया में कैमरे सिर्फ फिल्मों के लिए नहीं चलते, सितारों की निजी जिंदगी भी एक समानांतर सिनेमा बन चुकी है। फर्क बस इतना है कि इस फिल्म की स्क्रिप्ट थिएटर में नहीं, पब्लिक इमेज, पैपराजी कैमरों और सोशल मीडिया फीड पर लिखी जाती है। रिश्ते, डेटिंग, शादी, ब्रेकअप, ये सब पहले भी होते थे लेकिन अब इनके आस-पास बनने वाला नैरेटिव पहले से कहीं ज्यादा संगठित और ‘मैनेज्ड’ नजर आता है। इंडस्ट्री के पीआर सर्किल में इसे साफ शब्दों में कहा जाता है, ‘पब्लिक इमोशन इज पब्लिक कनेक्शन, एंड पब्लिक कनेक्शन इज बॉक्स ऑफिस वैल्यू।’
जब प्यार बना पब्लिक नैरेटिव
कुछ साल पहले तक सितारे अपने रिश्ते छिपाने की कोशिश करते थे। आज हालात उलट हैं। कई बार रिलेशनशिप को धीरे-धीरे ‘पब्लिक’ किया जाता है, जैसे किसी फिल्म का टीजर रिलीज हो रहा हो। उदाहरण के तौर पर रणबीर कपूर और आलिया भट्ट का रिश्ता शुरुआत में इंडस्ट्री गाॅसिप था, फिर अवाॅर्ड शो में साथ बैठना, फैमिली फंक्शन की तस्वीरें, वेकेशन स्पाॅटिंग, धीरे-धीरे यह रिलेशनशिप एक स्वीट, फैमिली-फ्रेंडली इमेज में बदल गया। जब उनकी फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ आई, तब तक दर्शक उन्हें सिर्फ को-स्टार नहीं, रियल लाइफ कपल के रूप में भी देखने लगे थे। इससे आॅन-स्क्रीन केमिस्ट्री को लेकर उत्सुकता और बढ़ी।
इसी तरह विक्की कौशल और कैटरीना कैफ ने अपने रिश्ते को लम्बे समय तक प्राइवेट रखा लेकिन शादी के बाद जो तस्वीरें सामने आईं, उन्होंने सोशल मीडिया पर तूफान ला दिया। ब्रांड्स ने तुरंत इस जोड़ी को ‘ड्रीम कपल’ के रूप में भुनाया, शादी की तस्वीरें सिर्फ पर्सनल मोमेंट नहीं रहीं, वे लाइफस्टाइल मार्केटिंग का हिस्सा बन गईं।
पैपराजी : संयोग या सेटअप?
एयरपोर्ट पर साथ दिखना, जिम के बाहर स्पाॅट होना, देर रात डिनर डेट, ये सब अब बॉलीवुड की विजुअल स्टोरीटेलिंग का हिस्सा हैं। पैपराजी कल्चर ने रिश्तों को ‘दिखने वाला सच’ बना दिया है। अक्सर देखा गया है कि किसी फिल्म की रिलीज से पहले स्टार कपल्स ज्यादा पब्लिक अपीयरेंस देने लगते हैं। हाथों में हाथ डाले चलना, कार से उतरते वक्त मुस्कुराना, ये सब तस्वीरें अगले दिन एंटरटेनमेंट पोर्टल्स की हेडलाइन बनती हैं। दर्शकों के दिमाग में चेहरा, रिश्ता और फिल्म, तीनों एक साथ जुड़ जाते हैं।
ब्रेकअप भी बनता है भावनात्मक ब्रांडिंग
सिर्फ प्यार ही नहीं, दिल टूटना भी कई बार पब्लिक इमोशन का हिस्सा बन जाता है। जब दीपिका पादुकोण और रणबीर कपूर का ब्रेकअप चर्चा में था, उस दौर में इंटरव्यूज, इमोशनल बयानों और बाद में साथ काम करने की खबरों ने मीडिया में एक लम्बा नैरेटिव बनाया। यह कहानी इतनी पाॅपुलर हुई कि उनकी ऑनस्क्रीन जोड़ी को देखने के लिए दर्शकों में अलग तरह की जिज्ञासा बनी रही।
इमोशनल बैकस्टोरी दर्शकों को सितारों से ‘मानवीय’ स्तर पर जोड़ती है। पीआर एक्सपर्ट मानते हैं कि ‘हार्टब्रोकन’ इमेज कई बार कलाकार को संवेदनशील, गहरा और रिलेटेबल बनाती है जो रोमांटिक या इमोशनल फिल्मों के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।
सोशल मीडिया : नया फिल्मी स्क्रिप्ट राइटर
आजकल रिश्ते सिर्फ इंटरव्यू से नहीं, इंस्टाग्राम स्टोरी से समझे जाते हैं। इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे की पोस्ट लाइक करना, फिर अचानक अनफॉलो कर देना, पुरानी तस्वीरें हटाना, ये सब डिजिटल ‘संकेत’ बन जाते हैं। फैंस खुद थ्योरी बनाते हैं, यूट्यूब पर वीडियो बनते हैं, पेज-थ्री काॅलम भर जाते हैं। कई बार सितारों को कुछ कहने की जरूरत ही नहीं पड़ती। साइलेंस भी एक स्ट्रैटेजी होता है।
पर्सनल मोमेंट से प्रीमियम कंटेंट तक
सेलिब्रिटी शादियां अब निजी समारोह कम और हाई-वैल्यू मीडिया इवेंट ज्यादा बन चुकी हैं। एक्सक्लूसिव फोटो राइट्स, ब्रांडेड आउटफिट्स, डेस्टिनेशन वेडिंग लोकेशन, सब मिलकर शादी को ग्लोबल कंटेंट में बदल देते हैं। प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास की शादी इसका बड़ा उदाहरण है। यह सिर्फ दो सितारों का मिलन नहीं था, बल्कि एक इंटरनेशनल मीडिया इवेंट था जिसने दोनों की ग्लोबल ब्रांड वैल्यू को मजबूत किया।
ब्रांड्स को क्यों पसंद हैं ‘परफेक्ट कपल’
रोमांटिक जोड़ी की इमेज भरोसा, स्थिरता और ‘ड्रीम लाइफ’ का प्रतीक बनती है। ज्वेलरी, फैशन, वेडिंग, ट्रैवल और होम डेकोर ब्रांड्स ऐसी जोड़ियों को तुरंत साइन करना चाहते हैं। एक साथ विज्ञापन करने से कपल की इमेज और मजबूत होती है और ब्रांड को मिलता है भावनात्मक कनेक्शन। यानी रिश्ता – रेवेन्यू।
लेकिन क्या सब कुछ नकली है?
नहीं, इंडस्ट्री में कई रिश्ते पूरी तरह निजी और सच्चे भी होते हैं। फर्क बस इतना है कि स्टार की हर मुस्कान, हर दूरी, हर साथ खड़ा होना, कैमरे के लिए एक विजुअल मैसेज बन जाता है। दर्शक भी अब सिर्फ फिल्म नहीं देखते, वे सितारे की पूरी ‘लाइफ स्टोरी’ फाॅलो करते हैं। यही वजह है कि पर्सनल और प्रोफेशनल के बीच की रेखा धुंधली होती जा रही है।
बाॅलीवुड में प्यार अब भी होता है, दिल अब भी धड़कते हैं लेकिन इस इंडस्ट्री में हर भावना की पब्लिक वैल्यू भी होती है। रिश्ते कभी सच्चे होते हैं, कभी रणनीतिक और कई बार दोनों का मिश्रण। फर्क बस इतना है पहले लव स्टोरी फिल्म के पर्दे पर चलती थी, अब रेड कारपेट, एयरपोर्ट लाउंज और मोबाइल स्क्रीन पर भी चलती है और दर्शक? वे इस रियल लाइफ रोमांस के सबसे बड़े दर्शक भी हैं और अनजाने में इसके प्रमोटर भी।