sport

ऐतिहासिक रहा आईपीएल सीजन-2026

आईपीएल के इस सीजन ने नए सितारे दिए, कई रिकाॅर्ड बने, चयनकर्ताओं के सामने नए विकल्प प्रस्तुत किए और यह दिखाया कि क्रिकेट लगातार विकसित हो रहा है। आने वाले वर्षों में जब इस सीजन को याद किया जाएगा तो इसे उस टूर्नामेंट के रूप में देखा जाएगा जिसने अगली पीढ़ी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच के लिए तैयार किया। इस तरह आईपीएल ने फिर साबित कर दिया कि यह सिर्फ एक क्रिकेट लीग नहीं भारतीय क्रिकेट की धड़कन भी है

आईपीएल के 19 वें संस्करण का खिताबी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 156 रनों का लक्ष्य दिया। इसके जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पांच विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लगातार दूसरे सीजन खिताब बरकरार रखते हुए अपने नाम कर लिया तो गुजरात अपना दूसरा आईपीएल टाइटल जीतने से चूक गई। चैम्पियन बनने पर आरसीबी को ट्राॅफी के साथ 20 करोड़ रुपए की प्राइज मनी मिली जबकि उपविजेता गुजरात टाइटंस को 12.5 करोड़ रुपए से संतोष करना पड़ा। वहीं कोहली को फाइनल में नाबाद 75 रनों की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। यह सीजन कई कीर्तिमान तोड़ने और बनाने वाला साबित हुआ। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचा तो कप्तान रजत पाटीदार ने महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा के खास क्लब में जगह बना ली। वे लगातार दो ट्रॉफी जीतने वाले तीसरे कप्तान बने। इस सीजन बल्लेबाजों ने मिलकर रन बनाने का नया इतिहास भी रच दिया। पूरे सीजन में 27 हजार 450 रन बने जो आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा हैं वहीं इस दौरान 15 शतक भी देखने को मिले।

आईपीएल की इस उपलब्धि को लेकर खेल समीक्षकों और पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों का कहना है कि यह  सीजन कई मायनों में ऐतिहासिक रहा। यह सिर्फ चैकों-छक्कों और रोमांचक मुकाबलों का टूर्नामेंट नहीं था बल्कि भारतीय क्रिकेट के भविष्य, टीम चयन, युवा खिलाड़ियों के उदय और फ्रेंचाइजी रणनीतियों के बदलते स्वरूप का भी आईना बना। पूरे सीजन में जहां स्थापित सितारों ने अपनी चमक बरकरार रखी, वहीं कई युवा खिलाड़ियों ने ऐसा प्रदर्शन किया जिसने राष्ट्रीय टीम के दरवाजे उनके लिए खोल दिए। इससे एक बार फिर साबित हो गया है कि आईपीएल दुनिया की सबसे प्रतिस्पर्धी टी-20 लीग क्यों मानी जाती है। लगभग दो महीने तक चले इस क्रिकेट महाकुम्भ में दर्शकों को आखिरी गेंद तक रोमांच देखने को मिला। कई मुकाबले सुपर ओवर तक पहुंचे, कई टीमों ने असम्भव लग रही जीत दर्ज की और कई दिग्गज खिलाड़ियों को युवा प्रतिभाओं से कड़ी चुनौती मिली।

नए सितारों का उदय
हर आईपीएल सीजन कुछ नए नाम भारतीय क्रिकेट को देता है। इस बार भी ऐसा ही हुआ। युवा बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने वाले कई खिलाड़ियों ने आईपीएल के मंच पर खुद को साबित किया। विशेष रूप से वैभव सूर्यवंशी, साई सुदर्शन, हर्ष दुबे और अन्य युवा खिलाड़ियों ने पूरे सीजन में निरंतर प्रदर्शन करते हुए यह दिखाया कि भारतीय क्रिकेट की प्रतिभा का भंडार कितना विशाल है। कई मैचों में इन खिलाड़ियों ने दबाव की परिस्थितियों में मैच जिताऊ पारियां खेलीं और अपनी टीमों के लिए संकटमोचक साबित हुए। आईपीएल की सबसे बड़ी ताकत यही है कि यहां युवा खिलाड़ियों को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलता है। यही कारण है कि हर सीजन के बाद भारतीय क्रिकेट को नए विकल्प मिलते हैं।

अनुभवी खिलाड़ियों का दबदबा कायम
जहां युवा खिलाड़ियों ने अपनी छाप छोड़ी, वहीं अनुभवी खिलाड़ियों ने भी साबित किया कि अनुभव का कोई विकल्प नहीं होता। कई दिग्गज बल्लेबाजों ने महत्वपूर्ण मौकों पर टीम को सम्भाला और बड़े मैचों में अपनी उपयोगिता साबित की। कप्तानों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण रही। कई टीमों ने अपने नेतृत्व कौशल के दम पर मुश्किल परिस्थितियों से वापसी की। रणनीतिक बदलाव, गेंदबाजी रोटेशन और बल्लेबाजी क्रम में किए गए प्रयोगों ने कई मैचों का रुख बदला। सीजन ने यह भी दिखाया कि टी-20 क्रिकेट में केवल आक्रामक बल्लेबाजी ही सफलता की गारंटी नहीं है। मैच की परिस्थितियों को समझकर खेलना और दबाव में सही फैसले लेना भी उतना ही जरूरी है।

गेंदबाजों की वापसी
पिछले कुछ वर्षों से यह धारणा बन गई थी कि टी-20 क्रिकेट पूरी तरह बल्लेबाजों का खेल बन गया है लेकिन आईपीएल 2026 ने इस धारणा को काफी हद तक बदला। तेज गेंदबाजों और स्पिनरों दोनों ने शानदार प्रदर्शन किया। डेथ ओवरों में सटीक यॉर्कर फेंकने वाले गेंदबाजों ने कई मैचों में विपक्षी टीमों से जीत छीन ली, वहीं स्पिनरों ने मध्य ओवरों में रन गति पर नियंत्रण रखकर मैच का संतुलन बदल दिया। कई युवा गेंदबाजों ने अपनी गति और विविधता से बल्लेबाजों को परेशान किया। दूसरी ओर अनुभवी स्पिनरों ने अपनी चतुराई और अनुभव का उपयोग करते हुए बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। यह सीजन इस बात का प्रमाण रहा कि टी-20 क्रिकेट में अच्छी गेंदबाजी अब भी मैच जिताने की क्षमता रखती है।

रणनीति और डेटा का बढ़ता प्रभाव
इस बार टीमों की रणनीतियों में तकनीक और डेटा विश्लेषण का प्रभाव पहले से कहीं अधिक दिखाई दिया। हर टीम के पास विश्लेषकों की बड़ी टीम थी जो विपक्षी खिलाड़ियों की कमजोरियों और ताकतों पर लगातार काम कर रही थी। मैच-अप आधारित रणनीति इस सीजन में काफी लोकप्रिय रही। कई बार कप्तानों ने केवल किसी विशेष बल्लेबाज के खिलाफ बेहतर रिकाॅर्ड रखने वाले गेंदबाज को गेंदबाजी करवाई। इसी तरह बल्लेबाजी क्रम में भी परिस्थितियों के अनुसार बदलाव देखने को मिले। फ्रेंचाइजी अब केवल प्रतिभा पर नहीं बल्कि आंकड़ों और विश्लेषण के आधार पर भी निर्णय ले रही हैं। यही कारण है कि आईपीएल लगातार अधिक पेशेवर और प्रतिस्पर्धी होता जा रहा है।

भारतीय टीम चयन पर प्रभाव
आईपीएल 2026 का सबसे बड़ा प्रभाव भारतीय क्रिकेट टीम के चयन पर देखने को मिला। कई खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय टीम के लिए मजबूत दावेदारी पेश की। विशेष रूप से मध्यक्रम के बल्लेबाजों, फिनिशरों और तेज गेंदबाजों के बीच प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ी। चयनकर्ताओं के लिए यह सकारात्मक स्थिति है क्योंकि अब उनके पास कई विकल्प उपलब्ध हैं। हालांकि इस बार चयन प्रक्रिया को लेकर कुछ सवाल भी उठे। कई क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना था कि कुछ खिलाड़ियों को उनके आईपीएल प्रदर्शन के अनुरूप अवसर नहीं मिले, वहीं कुछ खिलाड़ियों के चयन को लेकर भी बहस छिड़ी रही। लेकिन इतना तय है कि आईपीएल आज भारतीय क्रिकेट टीम के लिए प्रतिभा पहचानने का सबसे बड़ा मंच बन चुका है।

विवाद भी रहे चर्चा में
हर बड़े टूर्नामेंट की तरह आईपीएल 2026 भी विवादों से पूरी तरह अछूता नहीं रहा। अम्पायरिंग के कुछ फैसलों पर सवाल उठे, कई बार तकनीक के उपयोग को लेकर बहस हुई और कुछ टीमों ने भी नियमों की व्याख्या पर असहमति जताई। इसके अलावा खिलाड़ियों के चयन, टीम संयोजन और कुछ रणनीतिक फैसलों पर भी क्रिकेट विशेषज्ञों और प्रशंसकों के बीच तीखी चर्चा देखने को मिली। हालांकि इन विवादों के बावजूद टूर्नामेंट की लोकप्रियता और रोमांच पर कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ा। कई बार ऐसे विवादों ने टूर्नामेंट को और अधिक चर्चा में ला दिया।

भारतीय क्रिकेट का भविष्य
आईपीएल ने एक बार फिर यह साबित किया कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य सुरक्षित हाथों में है। युवा खिलाड़ियों का आत्मविश्वास, घरेलू क्रिकेट की मजबूत संरचना और आईपीएल जैसा मंच भारतीय क्रिकेट को लगातार नई ऊंचाइयों पर ले जा रहा है। कई विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में भारतीय टीम की सफलता में आईपीएल से निकले खिलाड़ियों की बड़ी भूमिका होगी। यह लीग केवल प्रतिभा खोजने का मंच नहीं रही बल्कि खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए तैयार करने वाली प्रयोगशाला बन चुकी है।

वैभव ने लूटी महफिल, जीते कई बड़े अवार्ड
आईपीएल 2026 में राजस्थान राॅयल्स भले ही क्वालिफायर-2 में बाहर हो गई लेकिन महज 15 वर्षीय वैभव ने पूरे सीजन में अपने बल्ले का ऐसा दम दिखाया कि फाइनल के बाद हुई अवार्ड सेरेमनी में सबसे ज्यादा चर्चा उन्हीं की रही। उन्होंने पांच बड़े पुरस्कार के साथ ही कुल 40 लाख और एक कार अपने नाम की। वैभव ने 237.30 के रिकाॅर्ड स्ट्राइक रेट के साथ सीजन का सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइक रेट अवार्ड जीता। इस उपलब्धि के लिए उन्हें टाटा सिएरा कार से सम्मानित किया गया तो छक्के लगाने के मामले में भी वैभव सबसे आगे रहे। उन्होंने पूरे सीजन में 72 छक्के जड़कर आईपीएल इतिहास में एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का नया रिकाॅर्ड बनाया। इसके लिए उन्हें 10 लाख रुपए की पुरस्कार राशि मिली। उन्हें इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन भी चुना गया।
इसके अलावा 436.5 अंकों के साथ वैभव ने मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर का खिताब भी अपने नाम किया। इस पुरस्कार के साथ उन्हें ट्रॉफी और 15 लाख रुपए की राशि प्रदान की गई। सीजन में सर्वाधिक 776 रन बनाने के लिए वैभव ने प्रतिष्ठित ऑरेंज कैप भी जीती। उन्होंने शुभमन गिल 732 रन और साई सुदर्शन 722 रन को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की। ऑरेंज कैप के साथ उन्हें 10 लाख रुपए की अतिरिक्त पुरस्कार राशि भी मिली। वैभव सूर्यवंशी ने दुनिया की सबसे प्रतिस्पर्धी टी-20 लीग में जिस तरह का प्रदर्शन किया उसने उन्हें क्रिकेट का अगला बड़ा सुपरस्टार बना दिया है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि आईपीएल इतिहास में किसी युवा खिलाड़ी का यह सबसे प्रभावशाली सीजन रहा है। आईपीएल 2026 को वैभव के उस तूफान के लिए याद किया जाएगा जिसने क्रिकेट की पुरानी परिभाषाओं को बदलकर रख दिया।

कगिसो रबाडा के नाम हुई पर्पल कैप
आईपीएल 2026 की पर्पल कैप गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा के नाम रही। पूरे सीजन में शानदार गेंदबाजी करते हुए रबाडा ने सबसे ज्यादा 29 विकेट हासिल किए और टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। फाइनल मुकाबले से पहले रबाडा और राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के बीच पर्पल कैप की कड़ी टक्कर थी। खिताबी मुकाबले में भुवनेश्वर ने दो विकेट लेकर अपने विकेटों की संख्या 28 तक पहुंचा दी और रबाडा की बराबरी कर ली। हालांकि दूसरी पारी में गेंदबाजी करते हुए रबाडा ने अपना 29वां विकेट हासिल किया और पर्पल कैप की दौड़ में बाजी मार ली। इस तरह फाइनल में ही पर्पल कैप का फैसला हुआ और रबाडा ने शानदार अंदाज में यह सम्मान अपने नाम कर लिया। इसके लिए उन्हें 10 लाख रुपए की इनामी राशि मिली।आईपीएल 2026 के बड़े रिकाॅर्ड

  1. एक सीजन में सबसे ज्यादा 27450 रन
  2. एक एडिशन में सबसे ज्यादा 2332 चौके
  3. एक संस्करण में सबसे ज्यादा-1426 छक्के
  4. सबसे ज्यादा-15 शतक
  5. सबसे ज्यादा 200 प्लस टोटल 65 बार
  6. सबसे सफल 200-प्लस चेज 17 बार
  7. सबसे ज्यादा व्यक्तिगत छक्के-72 (वैभव)
  8. सबसे ज्यादा व्यक्तिगत चैके-75 (साई सुदर्शन)
  9. 700 से ज्यादा रन 3 खिलाड़ियों ने बनाए
  10. आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा सफल 265 रन चेज (पंजाब)

You may also like