देवभूमि उत्तराखण्ड में पत्रकारों के सशक्तिकरण, आधुनिक सुविधाओं के विस्तार एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुमाऊं मीडिया सेंटर भवन, हल्द्वानी का विधिवत शिलान्यास किया। 6 करोड़ 75 लाख 88 हजार रुपए की लागत से निर्मित होने वाला यह अत्याधुनिक मीडिया सेंटर कुमाऊं मंडल के पत्रकारों के लिए एक समर्पित, सुसज्जित एवं बहुउद्देश्यीय केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह मीडिया सेंटर केवल एक भवन नहीं बल्कि लोकतंत्र के चैथे स्तम्भ, पत्रकारिता को समर्पित एक जीवंत मंच होगा। यह केंद्र पत्रकारों की कर्मस्थली, विचार-विमर्श का संगम और जन-जन की आवाज को सशक्त रूप से अभिव्यक्त करने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि अब तक कुमाऊं मंडल के पत्रकारों को कई महत्वपूर्ण कार्यों के लिए देहरादून पर निर्भर रहना पड़ता था लेकिन इस मीडिया सेंटर के निर्माण के बाद अधिकांश कार्य हल्द्वानी से ही संचालित हो सकेंगे जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी। इस भवन में आधुनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इनमें प्रमुख रूप से आधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हाॅल, हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा, डिजिटल स्टूडियो, समृद्ध लाइब्रेरी होंगे।

कैंटीन एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के साथ-साथ दूरस्थ क्षेत्रों, मुनस्यारी, बागेश्वर, कपकोट, पिथौरागढ़, चम्पावत, अल्मोड़ा एवं रानीखेत आदि क्षेत्रों से आने वाले पत्रकारों के लिए आवासीय गेस्ट रूम की व्यवस्था भी की जाएगी जिससे उन्हें आवागमन की कठिनाइयों से राहत मिल सके।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि समाचार पत्रों से सम्बंधित निरीक्षा कार्य अब इसी मीडिया सेंटर से सम्पन्न किए जाएंगे। इससे पारदर्शिता, दक्षता एवं त्वरित कार्यप्रणाली को बढ़ावा मिलेगा और पत्रकारों को
प्रशासनिक प्रक्रियाओं में आसानी होगी।

उन्होंने पत्रकारों से आह्वान किया कि वे सकारात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा दें, विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाएं तथा जहां कहीं कमियां हों, वहां निष्पक्ष रूप से सरकार को अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि आपकी कलम ही सरकार के लिए मार्गदर्शक है और लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल, विधायक सरिता आर्या,अध्यक्ष मीडिया सलाहकार समिति उत्तराखण्ड गोविंद सिंह, मेयर हल्द्वानी गजराज सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, उत्तराखण्ड सरकार में दर्जा राज्यमंत्री डाॅ. अनिल कपूर डब्बू, ध्रुव रौतेला, दिनेश आर्य, सुरेश भट्ट, शंकर कोरंगा, नवीन वर्मा के अतिरिक्त महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी और पत्रकार मौजूद रहे।

You may also like