sport

टी-20 महिला विश्व कप-2026 लॉर्ड्स में तिरंगा या नई टीम का जश्न?

जीवन सिंह टनवाल

टी-20 महिला विश्वकप-2026 के वर्तमान प्रदर्शन को देखें तो ऑस्ट्रेलिया सबसे मजबूत दावेदार नजर आती है। उसके बाद भारत, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका की टीमें खिताब की दौड़ में दिखाई देती हैं। फिर भी टी-20 क्रिकेट की सबसे बड़ी विशेषता उसकी अनिश्चितता है। एक अच्छा दिन किसी भी टीम को चैम्पियन बना सकता है। यही कारण है कि विश्वकप लगातार रोमांचक, प्रतिस्पर्धी और यादगार बनता जा रहा है। अब सबकी निगाहें पांच जुलाई को लॉर्ड्स में होने वाले फाइनल पर टिकी हैं। खास तौर पर भारतीय प्रशंसकों की नजरें इस बात पर होंगी कि क्या हरमनप्रीत कौर की टीम आखिरकार विश्वकप जीतने का वर्षों पुराना सपना पूरा कर पाएगी या नहीं। क्या ऑस्ट्रेलिया अपना दबदबा कायम रखेगा? क्या भारत इतिहास रचेगा या फिर कोई नई टीम विश्व चैम्पियन बनेगी? इसका जवाब आने वाले दिनों में मिलेगा

इंग्लैंड और वेल्स में खेला जा रहा आईसीसी महिला टी-20 विश्वकप 2026 महिला क्रिकेट के इतिहास का सबसे बड़ा संस्करण है। पहली बार 12 टीमें इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही हैं और 5 जुलाई को लाॅर्ड्स में फाइनल खेला जाएगा। महिला टी-20 विश्वकप के इतिहास में ऑस्ट्रेलिया 6, इंग्लैंड 1, वेस्टइंडीज 1 और 1 बार न्यूजीलैंड ने यह खिताब अपने नाम किया है। महिला क्रिकेट में पिछले कुछ वर्षों में प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ी है। अब केवल ऑस्ट्रेलिया ही नहीं बल्कि भारत, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड जैसी टीमें भी किसी भी प्रतिद्वंद्वी को हराने की क्षमता रखती हैं। मौजूदा चैम्पियन  न्यूजीलैंड अपने खिताब का बचाव करने उतरी है जबकि ऑस्ट्रेलिया, भारत, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका जैसी टीमें ट्राॅफी जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही हैं। ऐसे में सवाल यह है कि आखिर 2026 के टी-20 विश्व कप की सबसे बड़ी दावेदार कौन है? क्या भारत का इंतजार खत्म होगा?

खेल विश्लेषकों का कहना है कि महिला टी-20 विश्वकप 2026 में कई टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब की दावेदारी मजबूत की है। टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि इस बार
प्रतियोगिता पहले से कहीं अधिक प्रतिस्पर्धी है और पारम्परिक दिग्गज टीमों के साथ कुछ नई टीमें भी प्रभाव छोड़ रही हैं।

सबसे मजबूत टीम ऑस्ट्रेलिया की बात करें तो छह बार की चैम्पियन टीम एक बार फिर बेहद संतुलित नजर आ रही है। मजबूत बल्लेबाजी, अनुभवी गेंदबाजी और बड़े मैचों का अनुभव उन्हें सबसे बड़ा दावेदार बनाता है। टीम ने अपने शुरुआती मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया है और लगातार जीत दर्ज कर अपनी ताकत दिखाई है। महिला क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा किसी से छिपा नहीं है। टीम रैंकिंग में भी शीर्ष पर बनी हुई है। उसकी सबसे बड़ी ताकत उसकी गहराई है। बल्लेबाजी में विस्फोटक ओपनर, मध्यक्रम में अनुभवी खिलाड़ी और अंत में तेजी से रन बनाने वाली फिनिशर मौजूद हैं। गेंदबाजी में तेज गेंदबाजों के साथ-साथ विश्वस्तरीय स्पिनर भी हैं। इसलिए आॅस्ट्रेलिया खिताब की सबसे बड़ी दावेदार है। कई आकलनों में उसे लगभग 60 प्रतिशत तक जीत की सम्भावना दी गई है। हालांकि ऑस्ट्रेलिया की चुनौती यह होगी कि अन्य टीमें अब उसकी रणनीतियों को अच्छी तरह समझने लगी हैं। पिछले दो वर्षों में भारत और इंग्लैंड जैसी टीमों ने उसे कई मुकाबलों में कड़ी टक्कर दी है।

क्या खत्म होगा भारत का इंतजार?
भारतीय महिला टीम भी इस बार खिताब की प्रबल दावेदारों में शामिल है। सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नीदरलैंड्स के खिलाफ बड़ी जीत दिलाई। हालांकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली हार ने भारत की सेमीफाइनल की राह थोड़ी कठिन कर दी है। इसके अलावा श्रेयांका पाटिल की चोट भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय बन गई है।

भारतीय महिला टीम पिछले एक दशक में सबसे अधिक विकसित होने वाली टीमों में शामिल रही है। 2020 के विश्वकप फाइनल तक पहुंचने के बाद टीम लगातार बड़े टूर्नामेंटों में बेहतर प्रदर्शन कर रही है। कप्तान हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में भारत के पास अनुभव और युवा प्रतिभा का बेहतरीन मिश्रण है। स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और ऋचा घोष जैसी बल्लेबाज किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त कर सकती हैं। स्मृति मंधाना इस समय शानदार फार्म में हैं और विश्वकप के दौरान उन्होंने ऐतिहासिक उपलब्धि भी हासिल की है वहीं शेफाली वर्मा ने भी महत्वपूर्ण पारियां खेलकर अपनी उपयोगिता साबित की है।

आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप 2026 में भारतीय महिला टीम ने अब तक मिश्रित प्रदर्शन किया है। टीम ने कुछ मुकाबलों में शानदार खेल दिखाया है जबकि कुछ महत्वपूर्ण मैचों में उसे निराशा का सामना भी करना पड़ा है। भारतीय टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ने कई मौकों पर दमदार प्रदर्शन किया है। भारतीय टीम ने इस विश्वकप में अपनी क्षमता का परिचय दिया है लेकिन टीम के सामने कुछ चुनौतियां भी हैं। नॉकआउट मुकाबलों में दबाव झेलने की क्षमता अब भी सवालों के घेरे में है। यदि भारत सेमीफाइनल तक पहुंचता है और शीर्ष बल्लेबाज लय में रहते हैं तो यह टीम पहली बार विश्व कप जीतने का सपना साकार कर सकती है।

दक्षिण अफ्रीका : हमेशा कम आंकी जाने वाली टीम दक्षिण अफ्रीका पिछले कुछ वर्षों में महिला क्रिकेट की सबसे स्थिर टीमों में रही है। 2023 और 2024 के बड़े टूर्नामेंटों में उसका प्रदर्शन शानदार रहा था और टीम लगातार शीर्ष टीमों को चुनौती देती रही है। उसकी ताकत उसका संतुलन है। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में उसके पास मैच विजेता खिलाड़ी मौजूद हैं। टीम की प्रमुख विशेषताएं, तेज गेंदबाजी आक्रमण, एथलेटिक फील्डिंग, दबाव में लड़ने की क्षमता और मजबूत टीम संस्कृति है। इस विश्वकप में अफ्रीका ने सबसे अधिक प्रभावित किया है। मारिजेन कैप की बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर टीम ने भारत के खिलाफ ऐतिहासिक जीत दर्ज की। यह जीत न केवल दक्षिण अफ्रीका के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाली रही बल्कि उन्हें खिताब की दौड़ में भी मजबूती से खड़ा कर गई। हालांकि बड़े मुकाबलों में जीत को अंतिम परिणाम तक पहुंचाना अब भी उनकी चुनौती है। यदि दक्षिण अफ्रीकी नॉकआउट में संयम बनाए रखती है तो वह पहली बार विश्व चैम्पियन बन सकती है।

इंग्लैंड : मेजबान इंग्लैंड को नजरअंदाज करना बड़ी भूल होगी। टीम शानदार लय में दिखाई दे रही है। टीम ने आयरलैंड और स्काॅटलैंड के खिलाफ जीत दर्ज कर अपनी दावेदारी मजबूत की है। हालांकि कप्तान नेट साइवर-ब्रंट की चोट ने टीम की चिंता बढ़ा दी है लेकिन फिर भी डैनी वायट-हाॅज, एमी जोन्स, सोफी एक्लेस्टोन और चार्ली डीन जैसी खिलाड़ी टीम को खिताब की दौड़ में मजबूती से बनाए हुए हैं। इंग्लैंड को घरेलू परिस्थितियां, स्थानीय दर्शकों का समर्थन और इंग्लिश पिचों की बेहतर समझ उसे स्वाभाविक बढ़त प्रदान करती है। टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन ने टीम का आत्मविश्वास बढ़ाया है।

वेस्टइंडीज : टी-20 प्रारूप की विशेषज्ञ टीम वेस्टइंडीज हमेशा एक अप्रत्याशित टीम रही है। उसके खिलाड़ियों के पास प्राकृतिक आक्रामकता और मैच का रुख पलटने की क्षमता होती है। स्काॅटलैंड के खिलाफ मुश्किल परिस्थितियों में जीत दर्ज कर वेस्टइंडीज ने दिखा दिया कि उसे हल्के में नहीं लिया जा सकता। अनुभवी स्टेफनी टेलर अभी भी टीम की धुरी बनी हुई हैं। यदि शीर्ष क्रम चल निकला और स्पिन गेंदबाजों ने साथ दिया तो वेस्टइंडीज किसी भी बड़ी टीम को बाहर कर सकती है। इस टूर्नामेंट में टीम मजबूत प्रदर्शन कर रही है। श्रीलंका के खिलाफ जीत के साथ टीम ने अपनी सेमीफाइनल की उम्मीदों को जीवित रखा है। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और तेज गेंदबाजी विपक्षी टीमों के लिए चुनौती बनी हुई है।

न्यूजीलैंड : न्यूजीलैंड को अक्सर कम आंका जाता है लेकिन वह मौजूदा विश्व चैम्पियन है। 2024 में खिताब जीतकर उसने साबित कर दिया था कि बड़े टूर्नामेंटों में वह किसी भी टीम को चैंका सकती है। इस बार उसके सामने चुनौती अधिक कठिन है क्योंकि आॅस्ट्रेलिया, भारत और इंग्लैंड पहले से ज्यादा मजबूत नजर आ रहे हैं। फिर भी नाॅकआउट चरण में पहुंचने के बाद न्यूजीलैंड बेहद खतरनाक टीम साबित हो सकती है।  टीम की सबसे बड़ी ताकत उसकी अनुशासित क्रिकेट है। टीम कम गलतियां करती है और दबाव के क्षणों में शांत रहती है। न्यूजीलैंड की टीम अभी तक मिश्रित प्रदर्शन करती दिखाई दी है। टीम के पास अनुभव तो है लेकिन उसे लगातार बेहतर प्रदर्शन की आवश्यकता होगी।

अन्य टीमें : पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका जैसी टीमों ने भी संघर्ष किया है लेकिन उन्हें बड़े मुकाबलों में निरंतरता की जरूरत है। नीदरलैंड्स और स्काॅटलैंड जैसी नई और उभरती टीमें भी इस विश्वकप की बड़ी उपलब्धि रही हैं। नीदरलैंड्स ने पहली बार विश्वकप के लिए क्वालीफाई किया है और उसका अनुभव भविष्य के लिए काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। वर्तमान प्रदर्शन के आधार पर ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और भारत सबसे मजबूत दावेदार दिखाई दे रहे हैं। हालांकि टी-20 क्रिकेट की अनिश्चितता किसी भी टीम को बड़ा उलटफेर करने का अवसर देती है। यही कारण है कि महिला टी20 विश्व कप 2026 लगातार रोमांचक और प्रतिस्पर्धी बनता जा रहा है।

You may also like