आईपीएल लीग सिर्फ एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं बल्कि भारतीय क्रिकेट के लिए टैलेंट हंट का सबसे बड़ा मंच बन चुका है। हर सीजन में यहां से नए चेहरे निकलकर आते हैं जो आगे चलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी और देश की पहचान बनाते हैं। इस सीजन राजस्थान राॅयल के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अभी तक सबसे बड़ी खोज बनकर उभरे हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी, आत्मविश्वास और लगातार रन बनाने की क्षमता ने सभी को प्रभावित किया है। वे दबाव में भी बेखौफ खेलते हैं और हर गेंद को स्कोरिंग मौके में बदलने की कोशिश करते हैं। तकनीकी रूप से भी वे मजबूत हैं और पेस व स्पिन दोनों के खिलाफ सहज नजर आते हैं। उनका प्रदर्शन टीम के लिए गेम-चेंजर साबित हो रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है क्या भारत को भविष्य का नया सुपरस्टार मिल गया? कई पूर्व खिलाड़ी और एक्सपर्ट वैभव को लेकर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं। कोई वैभव को अभी थोड़ा इंतजार करने की बात कर रहा है तो कोई उन्हें शीघ्र राष्ट्रीय टीम में शामिल करने की वकालत कर रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि सूर्यवंशी की यह कहानी कब इस मुकाम तक पहुंचती है

भारतीय खेल जगत में इन दिनों आईपीएल की धूम मची हुई है। इस संस्करण में अब तक खेले गए मुकाबलों में कई टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया है, जबकि कुछ दिग्गज टीमें उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई हैं। टूर्नामेंट के शुरुआती चरण में राजस्थान, बेंगलुरु और पंजाब जैसी टीमों ने संतुलित खेल दिखाते हुए बढ़त बनाई है। इन टीमों की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों ने प्रभावित किया है। वहीं दूसरी ओर पांच-पांच बार की चैम्पियन चेन्नई और मुम्बई सहित कोलकाता, दिल्ली कैपिटल और लखनऊ सुपर जाइंट्स को निरंतरता की कमी का सामना करना पड़ा है, जिससे वे अंक तालिका में पीछे नजर आ रही हैं। इस संस्करण में युवा खिलाड़ियों का प्रदर्शन खास आकर्षण रहा है। कई नए चेहरों ने अपने दमदार खेल से चयनकर्ताओं और खेल प्रेमियों का ध्यान खींचा है। साथ ही कुछ करीबी मुकाबलों ने टूर्नामेंट की रोमांचकता को और बढ़ा दिया है। इन युवा प्रतिभाओं में सबसे ज्यादा चर्चा महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की हो रही है। खेल प्रेमी और पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सवाल उठा रहे हैं कि क्या वैभव को टीम इंडिया की राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बना लेना चाहिए? क्या है उनकी सफलता का राज? क्या सूर्यवंशी बन सकते हैं भविष्य के स्टार जैसे तमाम प्रश्न सुर्खियों में हैं।

कई पूर्व खिलाड़ी और एक्सपर्ट वैभव को लेकर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं। चेतेश्वर पुजारा और हरभजन सिंह की एक खास डिबेट हुई, इसमें कोई गहमागहमी नहीं हुई लेकिन बहुत सलीके से दोनों ने एक दूसरे की राय से असहमत होते हुए चर्चा की। चेतेश्वर पुजारा ने इस दौरान साफतौर पर कहा कि अभी वैभव को थोड़ा इंतजार करना होगा। क्योंकि पुजारा का मानना है कि अभी टीम के पास कई धाकड़ बल्लेबाज ओपनिंग और टाॅप आॅर्डर में हैं। इस लिहाज से पुजारा का मानना है कि वैभव को इंतजार करना होगा। हालांकि उन्होंने यह कहा कि अगर कोई खिलाड़ी फ्लाॅप होता है तो वैभव को मौका दिया जा सकता है।

दूसरी तरफ वैभव को टीम इंडिया में लाने के लिए हरभजन सिंह की राय पुजारा से एकदम अलग है। हरभजन का मानना है कि, अभी उनका फाॅर्म शानदार है और अगर आप मान लो उनके 18 साल की उम्र तक इंतजार करते हैं और तब उनका ग्राफ गिरता है तो इसका कोई मतलब नहीं है। ऐसे में वैभव को अभी फिलहाल टीम में लाना चाहिए बेंच पर उन्हें मौका मिलना चाहिए और अगर कोई खिलाड़ी फेल होता है तो उन्हें मैच भी खिलाना चाहिए।

गौरतलब है कि वैभव सूर्यवंशी ने पिछले साल जब 14 साल की उम्र में आईपीएल डेब्यू किया था तो तभी से पूत के पांव पालने में दिख गए थे। उन्होंने कुछ ही मैच खेलकर 35 गेंद पर शतक लगाकर दुनिया को अपनी दस्तक दे दी थी। तब सूर्यवंशी ने 7 मैचों में 122 गेंदें खेलकर 24 छक्के जड़े थे यानी लगभग हर 5.1 गेंद पर एक छक्का। उसके बाद इंडिया ए, इंडिया अंडर 19, बिहार समेत सभी टीमों के लिए वैभव ने जलवा दिखाया। अंडर 19 विश्वकप फाइनल में 175 रनों की  पारी चर्चा का विषय बनी तो अब 2026 में वैभव और आक्रामक हो गए हैं, इतने ज्यादा कि दुनिया के सबसे स्पेशल बाॅलर बुमराह की पहली गेंद पर सिक्स जड़ दिया। आईपीएल 2026 में वैभव ने अब तक 4 मैच खेले हैं। इसमें 50 गेंदें खेली हैं और 11 छक्के लगा दिए हैं। यानी लगभग हर 4.5 गेंद पर एक छक्का जो टी-20 क्रिकेट के इतिहास का सबसे पावरफुल सिक्स हिंटिंग प्रदर्शन है। पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने इस मैच के बाद कहा, आप जब दुनिया के सबसे महान वाइट बाॅल क्रिकेटर जसप्रीत बुमराह को खेलते हो तो रिस्पेक्ट देते हो, आप चाहते हो कि आप अपनी विकेट उसे न दो लेकिन वैभव सूर्यवंशी 15 साल की उम्र में पहली बाॅल बुमराह की खेलता है और छक्का लगाता है। ये बड़ा स्पेशल खिलाड़ी है जो आने वाले वक्त में भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत स्पेशल काम करने वाला है।

दूसरी तरफ खेल विश्लेषकों का कहना है कि आईपीएल का हर सीजन अपने साथ नई कहानियां, नए हीरो और नए मोड़ लेकर आता है। आईपीएल 2026 में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है, जहां एक ओर राजस्थान राॅयल्स संतुलित प्रदर्शन के दम पर प्लेऑफ की दावेदारी मजबूत कर रही है, वहीं दूसरी तरफ युवा खिलाड़ी सूर्यवंशी अपनी शानदार फाॅर्म से सबका ध्यान खींच रहे हैं। यह सीजन सिर्फ टीम की सफलता की कहानी नहीं बल्कि एक उभरते सितारे के उदय का भी गवाह बन रहा है।

राजस्थान राॅयल्स की बात करें तो यह टीम हमेशा से आईपीएल की उन टीमों में रही है जो युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के सही मिश्रण के लिए जानी जाती है। 2008 में खिताब जीतने के बाद टीम कई बार करीब पहुंची लेकिन ट्राॅफी से दूर रह गई। आईपीएल 2026 में टीम का प्रदर्शन अब तक काफी संतुलित नजर आया है। खासकर बल्लेबाजी की मजबूती टीम की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी है। टाॅप आर्डर लगातार रन बना रहा है तो मिडिल आॅर्डर दबाव में भी मैच संभाल रहा है और फिनिशर्स अंत में तेजी से रन जोड़ रहे हैं। टीम की खासियत यह है कि वे सिर्फ एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं हैं बल्कि हर मैच में कोई नया खिलाड़ी जिम्मेदारी उठाता दिखता है। वहीं गेंदबाजी मैच जिताने वाली साबित हो रही है। पेस अटैक नई गेंद से विकेट निकालना और डेथ ओवर में रन रोकना दोनों ही मामलों में टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है।

स्पिन विभाग में मिडिल ओवर में स्पिनर्स ने विपक्षी टीम की रन गति पर ब्रेक लगाया है जिससे विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बना है। यही संतुलन राजस्थान को बाकी टीमों से अलग बनाता है। अगर वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन की बात करें तो इस सीजन की सबसे बड़ी खोजों में से एक नाम है सूर्यवंशी। उनकी सफलता में उनकी रणनीति और कप्तानी का बड़ा हाथ है। टीम मैनेजमेंट ने खिलाड़ियों को खुलकर खेलने की आजादी दी है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। यह युवा खिलाड़ी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और आत्मविश्वास के दम पर लगातार मैचों में अच्छी पारियां, मुश्किल परिस्थितियों में भी रन बनाना,स्ट्राइक रेट रन बना रहा है। सूर्यवंशी की बल्लेबाजी में एक खास बात यह है कि वे बिना दबाव के खेलते हैं, चाहे सामने कोई भी गेंदबाज हो। उनकी तकनीक काफी साॅलिड है, फ्रंट फुट और बैक फुट दोनों पर मजबूत है तो स्पिन और पेस दोनों के खिलाफ सहज रहते हैं। कम उम्र में ही उनका आत्मविश्वास काबिल-ए- तारीफ है। वे हर गेंद को स्कोरिंग मौके में बदलने की कोशिश करते हैं, जो टी-20 क्रिकेट में बेहद जरूरी है। सूर्यवंशी का प्रदर्शन राजस्थान राॅयल्स के लिए गेम चेंजर साबित हो रहा है। जब टीम को तेजी चाहिए होती है तो वे रन गति बढ़ाते हैं। सूर्यवंशी का मौजूदा प्रदर्शन यह संकेत देता है कि वे आने वाले समय में बड़े खिलाड़ी बन सकते हैं। अगर वे अपनी फाॅर्म बनाए रखते हैं, फिटनेस पर ध्यान देते हैं और अनुभव से सीखते हैं तो वे न सिर्फ आईपीएल बल्कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी अपनी पहचान बना सकते हैं। आईपीएल हमेशा से भारतीय टीम के लिए टैलेंट हंट का मंच रहा है। सूर्यवंशी की फॉर्म को देखते हुए चयनकर्ताओं की नजर उन पर जरूर होगी।

कुल मिलाकर आईपीएल 2026 में राजस्थान और सूर्यवंशी दोनों ही शानदार फाॅर्म में नजर आ रहे हैं। टीम एक संतुलित और मजबूत टीम के रूप में उभर रही है तो सूर्यवंशी एक नए सितारे के रूप में सामने आ रहे हैं। अगर यह सिलसिला जारी रहता है तो राजस्थान राॅयल्स ट्राॅफी जीत सकती है, सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा नाम बन सकते हैं। क्रिकेट में फॉर्म अस्थायी होती है लेकिन क्लास स्थायी। राजस्थान और सूर्यवंशी के पास इस समय दोनों हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि यह कहानी किस मुकाम तक पहुंचती है।

टीम की मौजूदा स्थिति
आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स पॉइंट्स टेबल में मजबूत स्थिति नेट रन रेट अच्छा प्ले ऑफ की रेस में आगे है। अगर टीम इसी फॉर्म को बरकरार रखती है तो इस बार ट्रॉफी जीतने की दावेदार मानी जा सकती है।

You may also like