रिवर्स माइग्रेशन का उख्याता मॉडल
- संजय चौहान
चमकदार करियर को छोड़ टिहरी जनपद के भुयांसारी गांव के मूल निवासी विमल नौटियाल अपनी पुरखों की विरासत को संजोने में जुट गए, जिसकी परिणति ये हुई कि आज विमल के उख्याता प्रोजेक्ट की गूंज उत्तराखण्ड ही नहीं देश के कई हिस्सों में सुनाई देने लगी है। विमल नौटियाल को रिवर्स माइग्रेशन के जरिए स्वरोजगार के लिए कई मंचों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। 2023 में जौनपुर महोत्सव थत्यूड़ में बागवानी के लिए प्रतिभा सम्मान, 2024 में जैविक खेती एवं स्वरोजगार के लिए ‘उत्तराखण्ड स्तम्भ सम्मान’ से भी सम्मानित किया जा चुका है
सपना वह नहीं जो हम नींद में देखते हैं, बल्कि सपना वो है जो आपको सोने नहीं देता…। देश के पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम की कही गई उक्त पंक्तियों को हकीकत में चरितार्थ करके दिखाया है उत्तराखण्ड के टिहरी जनपद के जौनपुर विकासखंड में थत्यूड़ से सात किलोमीटर दूरी पर स्थित भुयांसारी गांव निवासी विमल नौटियाल ने। विमल ने पिछले 25 सालों से बंजर पड़ी अपनी पुस्तैनी 15 नाली भूमि में अपनी मेहनत से सेब के 1000 पेड़ जिसमें गाला, एम 9, एम 11, रूट स्टॉक, जेरामाइन इत्यादि की विनय वाटिका के साथ-साथ कीवी, नाशपाती, आडू, पुलम, खुमानी, औषधीय पौधे और शिमला मिर्च, लौकी, बंद गोबी, राजमा, आलू, लहसुन सहित विभिन्न मौसमी हरी ऑर्गेनिक सब्जियां उगाई हैं। जिन्हें स्थानीय बाजार में बेचकर उन्हें अच्छा खासा मुनाफा हो रहा है। 4 साल पहले 2020 में कोरोनाकाल में विनय ने अपने रिवर्स माइग्रेशन के इस उख्याता मॉडल की शुरुआत की थी, उस समय टिहरी के तत्कालीन जिलाधिकारी मंगलेश घिल्डियाल से मिले प्रोत्साहन ने विमल के शौकिया तौर पर शुरू किए गए कार्य को एक मिशन के रूप में धरातल पर हकीकत में उतारा। आज विमल के साथ स्थानीय स्तर पर बुटकोट, बंगसील, मोलधार और भुयांसारी में भी कुछ परिवारों ने अपने-अपने बंजर पड़े खेतों में बागवानी और उद्यानीकरण की शुरुआत की है जबकि भुयांसारी के ही शशिकांत गौड़, मोलधार के नरेंद्र मणि नौटियाल, बुटकोट के हरीश गौड़ भी अब अपने खेतों में सेब की बागवानी करने लगे हैं जिससे स्वरोजगार के जरिए रोजगार सृजन की उम्मीदों को पंख लगे हैं।
ये है विमल नौटियाल का प्रोजेक्ट उख्याता!
विमल नौटियाल के भुयांसारी गांव से लगभग 3 किमी ऊपर पहाड़ पर एक बहुत बड़े भू-भाग पर कई लोगों के खेत हैं, को वर्तमान में बंजर पड़े हुए थे। इस जगह को ‘उख्याता’ कहते हैं। ये वो जंगल हैं जहां विमल की पुश्तैनी छान हुआ करती थी और अब यहां पर एप्पल मिशन के जरिए विमल ने सेब का बागीचा तैयार किया है। भले ही पहाड़ आज भी लोगों के लिए वीरान नजर आता है, लेकिन विमल ने उसी वीरान पड़े पहाड़ की बंजर भूमि पर रोजगार सृजन करके लोगों के सामने एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। यदि मेहनत और लगन से सही दिशा में कार्य किया जाए तो सफलता की नई परिभाषा गढ़ी जा सकती है। आज विमल नौटियाल का प्रोजेक्ट उख्याता- रूटिंग टुवर्ड दि रूट्स लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है।
लाखों की नौकरी छोड़ गांव की माटी में जलाई स्वरोजगार की मशाल
वर्ष 2009 में विमल नौटियाल ने होटल मैनेजमेंट की डिग्री हासिल करने के बाद फाइव स्टार होटल आनन्दा, आईटीसी चेन्नई, ओलिव रेस्टोरेंट में हेड पेस्ट्री शेफ सहित विदेशों में बतौर शेफ की नौकरी की जहां उन्हें लाखों का आकर्षक वेतन और लग्जरी लाइफ का लुत्फ उठाने के साथ ही साथ विदेशों में घूमने का अवसर मिला। इतने आकर्षक वेतन और सुख सुविधा वाली लाइफ व्यतीत कर रहे विमल के मन में अपनी माटी के प्रति जुड़ाव और लगाव बचपन से ही था। विमल अपनी देवभूमि में रहकर ही कुछ अलग करना चाहता था। कोरोनाकाल के वैश्विक संकट के दौर में विमल को अपनी माटी के लिए कुछ करने का अवसर दिया तो उसने इसे लपक लिया। अपने चमकदार करियर को छोड़ विमल नौटियाल अपनी पुरखों की विरासत को संजोने में जुट गए, जिसकी परिणति ये हुई कि आज विमल के उख्याता प्रोजेक्ट की गूंज उत्तराखण्ड ही नहीं देश के कई हिस्सों में सुनाई देने लगी है। विमल नौटियाल को रिवर्स माइग्रेशन के जरिए स्वरोजगार के लिए कई मंचों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। 2023 में जौनपुर महोत्सव थत्यूड़ में बागवानी के लिए प्रतिभा सम्मान, 2024 में जैविक खेती एवं स्वरोजगार के लिए ‘उत्तराखण्ड स्तम्भ सम्मान’ से भी सम्मानित किया जा चुका है।
‘युवाओं को अपनी माटी और खुद पर विश्वास करना होगा, पारंपरिक खेती को छोड़कर व्यवासिक खेती की ओर मुड़ना होगा’
विनय से उनके रिवर्स माइग्रेशन और स्वरोजगार मॉडल के बारे में लंबी गुफ्तगु हुई। विनय बताते हैं कि शुरू-शुरू में तो उन्हें बहुत कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। लोगों ने हतोत्साहित भी किया परंतु परिवार और दोस्तों के सहयोग से ही अपने सपने को सच कर पा रहा हूं। अब धीरे-धीरे इसको बडे़ स्तर पर ले जाने का सपना है। सब्जी उत्पादन के साथ-साथ डेरी, कुकुट, मत्स्य, मशरूम, कीवी उत्पादन के जरिए मल्टी व्यवसाय को प्राथमिकता दूंगा ताकि लोगों को हर चीज मिल जाये और युवाओं को रोजगार के अवसर। मैं बचपन से ही कुछ अलग करने की सोचता था। मेरा प्रदेश के सभी युवाओं से अपील है कि पहाड़ में रहकर भी बहुत कुछ किया जा सकता है। बस सकारात्मक दिशा में सोचने और युवाओं को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है। कोरोना वायरस के वैश्विक संकट में रोजगार के अवसर सीमित हो गए हैं। ऐसे में युवाओं को इस अवसर को भुना करके अपनी माटी पर भरोसा करना चाहिए। यही माटी बहुत कुछ दे सकती है। सबको आगे आना होगा। हमें अपनी पारम्परिक खेती की जगह व्यवसायिक खेती और किसानों को मुनाफा देने वाली फसलों को उगाना होगा। इसलिए हमें खेती में तकनीक का उपयोग करना होगा। तभी जाकर हम वोकल फॉर लोकल की सार्थकता सिद्ध कर पाएंगे।
चकबंदी, भंडारण और बाजार प्रमुख समस्या
विमल नौटियाल बताते हैं कि प्रोजेक्ट उख्याता के दौरान उन्हें बहुत सारी समस्याओं से रूबरू होना पड़ा। खेतों की चकबंदी अभी भी एक बड़ा विषय है, यदि चकबंदी होती तो लोगों को एक ही जगह पर कार्य करने में आसानी होती। किसान की फसल तैयार होने के बाद उसके भंडारण की समस्याएं पहाड़ों में अभी भी चुनौतीपूर्ण हैं। किसान के फसल को बिचौलियों से बचाना और बाजार उपलब्ध कराना अभी भी बहुत बड़ी चुनौती है। सरकार को चाहिए कि वो किसान की इन समस्याओं का समाधान हर सम्भव प्रयास करें ताकि स्वरोजगार कर रहे युवाओं को ज्यादा मुश्किलों का सामना न करना पड़े।
हर कदम पर परिवार का सहयोग मिला
विमल बताते हैं कि प्रोजेक्ट उख्याता को धरातल पर उतारने के लिए समय-समय पर बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ा लेकिन मेरे पूरे परिवार ने हर कदम पर हौसला और साथ दिया। बंजर भूमि को उपजाऊ बनाना से लेकर, 2 किमी दूर से पानी का बंदोबस्त करना, विपरीत परिस्थितियों और मौसम से लेकर जंगली जानवरों से फसल को बचाना हो या फिर अन्य जब भी में हतोत्साहित होता तो मेरा पूरा परिवार चट्टान की तरह पीछे से खड़े रहता।
विमल की बहन और पेशे से शिक्षिका डॉक्टर मनोरमा नौटियाल बताती हैं कि उन्हें अपने भाई पर गर्व है। विमल ने प्रोजेक्ट उख्याता शुरू करने से पहले कहा कि एक बार मुझे कोशिश कर लेने दो, आजमा लेने दो। नहीं सफल हुआ तो फिर अपना बिजनेस या जॉब शुरू कर लूंगा। गांव के प्रति विमल के लगाव और किसानी के शौक को देखते हुए परिवार ने उसका साथ दिया। शेफ विमल जब किसान विमल बन उख्याता चढ़े तो उन्होंने प्रतिदिन सुबह से शाम पत्थर तोड़े, गैंती-फावड़े चलाए, खेतों में पसरे हुए झाड़ काटे और उन्हें वापस खेती करने की सूरत में लेकर आए। जिद भी ठान ली, मेहनत करने का जज्बा भी था, लेकिन दो बच्चों के पिता के लिए एक शानदार करियर को दांव पर लगा खाली जेब लिए ‘बेरोजगार’ होकर घर बैठना असम्भव होता है। पूरे परिवार ने विमल का साथ दिया। समय बीता और आज विनय का प्रोजेक्ट उख्याता धरातल पर हकीकत में उतर आया है। पूरा परिवार बेहद खुश है आखिर हो भी क्यों न एसडीओ साहब के पोते ने उनकी दी हुई सीख जो सुकुन, चैन और खुशी अपने गांव की आबोहवा, खेत खलियानों और माटी में है वो कहीं नहीं। अपनी माटी में भी बहुत कुछ किया जा सकता है, को सार्थक कर दिखाया है।
वास्तव में देखा जाए तो विमल नौटियाल जैसे सकारात्मक व्यक्तित्व से हमारे युवाओं को सीख लेने की आवश्यकता है। जिन्होंने लाखों की नौकरी को छोड़ अपनी माटी थाती और स्वयं पर भरोसा किया और अपने स्वरोजगार मॉडल को रोजगार का साधन बनाया। पलायन से खाली होते पहाडों के लिए विमल का प्रोजेक्ट उख्याता का स्वरोजगार मॉडल किसी प्रेरणास्रोत से कम नहीं है।


