entertainment

बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना

वर्ष 1960 में प्रदर्शित एक फिल्म ‘जिस देश में गंगा बहती है’ का गीत खासा लोकप्रिय हुआ था। गीत के बोल थे ‘बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना, ऐसे मनमौजी को मुश्किल है समझाना।’ वर्तमान में पूरा देश धनकुबेर मुकेश अंबानी के परिवार में हो रही शादी के जश्न में डूब इस गाने को चरितार्थ कर रहा है। अंबानी के पुत्र अनंत के विवाह पूर्व कार्यक्रमों की इन दिनों धूम मची हुई है। बॉलीवुड के सितारों से लेकर देश-विदेश की चर्चित हस्तियों को इन समारोहों का हिस्सा बनते देख दो वक्त की रोटी के लिए दिन-रात संघर्षरत रहने वाला भारत खासा उत्साहित और काफी हद तक दीवाना हो चला है

कुछ महीने पहले देश के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी की राधिका मर्चेंट के साथ सगाई की रस्में पूरी की गई थी। इन रस्मों में दुनिया भर के अमीर लोगों को शिरकत के लिए बुलाया गया था। उस समय भी अंबानी खानदान का यह समारोह दुनिया भर में चर्चा का विषय बना रहा। ऐसे ही मुकेश अंबानी के बड़े बेटे आकाश अंबानी की शादी हो या इकलौती बेटी ईशा अंबानी की तमाम शादियों में बेशुमार खर्चा किया गया। इसके बाद इनके छोटे बेटे अनंत अंबानी की शादी की तैयारी पूरे जोरों से शुरू हो गई है। अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन 1 मार्च 2024, को शुरू हुआ जो तीन दिन तक चला। इस प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन में दुनिया की नामचीन हस्तियों से लेकर, पश्चिमी देशों के प्रिंस-प्रिंसेस, यूएसए के बड़े-बड़े पॉप स्टार्स, मेटा कम्पनी के मालिक आदि ने शिरकत की। इस सेलिब्रेशन को हुए तो कई दिन बीत चुके हैं लेकिन अंबानी खानदान की तारीफें सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रही हैं। समारोह में शामिल हुए सभी बॉलीवुड सितारों के वीडियोस भी काफी तेजी से इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं और सुर्खियां बटोर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक इस समारोह में 1260 करोड़ रुपए का खर्चा किया गया है। जिसमें 2500 पकवान बनवाये गए। वहीं अनंत अंबानी की दुनिया की सबसे महंगी घड़ियों का कलेक्शन और नीता अंबानी द्वारा पहना गया 500 करोड़ का हार देश-विदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है।

अंबानी परिवार

जामनगर में जश्न का माहौल
करीब तीन हजार एकड़ में फैला जामनगर का ‘वनतारा’ पिछले कई दिनों से चर्चाओं में बना हुआ है। यहां देश-विदेश से लोगों का आना तीन दिनों तक जारी रहा जिसकी रौनक देखने लायक थी। देखने लायक हो भी क्यों नहीं। देश के नामी गिरामी अंबानी परिवार के छोटे बेटे का प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन जो था। इस फंक्शन के लिए वीआईपी लाउंज को तैयार किया गया। जिसे काफी खूबसूरती से सजाया गया। इसे जामनगर के कल्चर को देखते हुए तैयार किया गया था। जिसमें पेंटिंग से लेकर हैंडवर्क का खास ध्यान रखा गया। इसमें खाने पीने के भी खास इंतजाम किए गए थे, ताकि आने वाले गेस्ट को कोई दिक्कत न हो। अंबानी परिवार का जामनगर से बेहद पुराना रिश्ता है। गौरतलब है कि अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट ने इस समारोह के दौरान अपने बचपन की यादें ताजा की और बताया कि यही कारण है कि उन्होंने अपने प्री-वेडिंग के लिए गुजरात के जामनगर को चुना। वहीं नीता अंबानी ने कहा कि ‘जामनगर का आर्ट एंड कल्चर मुझे काफी पसंद है। इसलिए हमने इस जगह को चुना है। यहां के कल्चर और दादा धीरूभाई अंबानी की रूट्स ने हमें कभी जामनगर से अलग नहीं होने दिया। मैंने भी अपने करियर की शुरुआत यहीं से की थी। वहीं इसकी एक खास वजह ये भी है कि यहां पर काफी सारे रंग देखने को मिलते हैं जो हमारे आर्ट और कल्चर को दर्शाते हैं। संस्कृति और परंपरा नींव है भारतीय परंपरा की, इसलिए मैं इसे दिल से नमन करती हूं।’ जिसके बाद अनंत अंबानी ने स्वागत करते हुए बताया कि ‘यह उनका केवल प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन है, शादी जुलाई के महीने में की जाएगी।’

सितारों ने लगाए ठुमके

अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की प्री-वेडिंग सेरेमनी के फंक्शन में बॉलीवुड के तमाम सितारों ने अपने डांस परफॉर्मेंस का जलवा दिखाया। अनन्या पांडे, सारा अली खान, खुशी कपूर,जाह्नवी कपूर, शाहरुख खान, सलमान खान, आमिर खान, सुखविंदर सिंह, प्रीतम, उदित नारायण, दिलजीत दोसांझ, विक्की कौशल, कैटरीना कैफ, किरण राव और शाहिद कपूर, मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर और फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने डांस परफॉर्मेंस दी। इसके अलावा रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण ने गल्लां-गूड़ियां गाने पर डांस किया। वहीं अनंत अंबानी राधिका मर्चेंट की प्री-वेडिंग सेरेमनी में पंजाबी सिंगर दिलजीत सिंह दोसांझ ने गाने से समां बांधा, इसी के साथ अरिजीत सिंह ने भी अपनी आवाज का जादू फिजाओं में फैलाया और लोगों को मगन कर दिया। इस समारोह में असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिश्वा सरमा का काफिला भी जामनगर पंहुचा। अडानी ग्रुप के मालिक गौतम अडानी भी इस प्री-वेडिंग फेस्टिविटी के दूसरे दिन हिस्सा लेने जामनगर पहुंचे। अभिनेता और अभिनेत्रियों के साथ-साथ राधिका मर्चेंट और अनंत अंबानी के डांस का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। डांस परफॉर्मेंस की बात की जाए तो नीता अंबानी के द्वारा किया गया क्लासिकल डांस की वीडियो भी इस फंक्शन में दिखाई गई है जो की काफी शानदार रही। इस समारोह में मुकेश अंबानी और नीता अंबानी के द्वारा बनाई गई रोमांटिक और कॉमेडी की छोटी-छोटी फिल्म रील्स भी काफी वायरल हो रही हैं और सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रही हैं।

पॉप सिंगर रिहाना संग नीता एवं अनंत अंबानी

विदेशों से भी आए मेहमान
यह फंक्शन तीन दिन तक चला और तीनों ही दिन विदेशों से अलग- अलग हस्तियों को परफॉर्मेंस के लिए बुलाया गया। पहले दिन अमेरिकी पॉप स्टार रिहाना ने स्टेज परफॉर्मेंस दी। जिससे शादी का यह समारोह कॉन्सर्ट में तब्दील होता हुआ नजर आया। रिहाना की परफॉर्मेंस पर देश के सितारों और अंबानी परिवार ने खूब जमकर ठुमके लगाए। रिहाना को परफॉर्मेंस के लिए बुलाने के लिए अंबानी द्वारा 74 करोड़ रुपए दिए गए जिसके बाद यह मुद्दा भी काफी चर्चाओं में रहा। वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर कीरोन पोलार्ड, साउथ एक्टर राम चरण और उनकी पत्नी उपासना कामिनेनी कोनिडेला, सद्गुरु जी, क्रिकेटर हार्दिक पंड्या, रोहित शर्मा, एम.एस धोनी उनकी पत्नी साक्षी धोनी, ईशान किशन, राशिद खान, ट्रेंट बोल्ट और ब्रावो, सचिन तेंदुलकर, जे ब्राउन और सॉन्ग राइटर एडम ब्लैक स्टोन, मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग, मॉर्गन स्टेनली के सीईओ टेड पिक, माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ बिल गेट्स, डिज्नी के सीईओ बॉब इगर, ब्लैकरॉक के सीईओ लैरी फिंक, एडनॉक के सीईओ, ब्रुकफील्ड एसेट मैनेजमेंट के सीईओ ब्रूस फ्लैट, एडोब के सीईओ शांतनु नारायण आदि ने भी इस समारोह में शिरकत की।

जमीन से जुड़े हैं देश के सबसे अमीर लोग

वैसे तो अंबानी परिवार देश का सबसे अमीर परिवार है, वहीं इन्हें और भी अमीर बनाता है इनका इतना बड़े होने के बाद भी जमीन से जुड़े रहने का एहसास। जहां इस फंक्शन में बड़े-बड़े लोगों को इकट्ठा किया गया वहीं गुजरात के छोटे-छोटे गांव के लोगों को भी भोज के लिए बुलाया गया। इतना ही नहीं अंबानी परिवार ने इन गांव के लोगों को अपने हाथ से खाना परोसा और बात-चीत भी की, जिसकी क्लिप भी सोशल मीडिया पर लगातार चल रही हैं। इस फंक्शन की शुरुआत करते हुए अंबानी परिवार ने ‘अतिथि देवो भव’ की परंपरा को जोर देते हुए मेहमानों का स्वागत किया। प्री वेडिंग इवेंट में होस्ट मुकेश अंबानी और नीता अंबानी ने रिलायंस परिवार की ओर से सभी मेहमानों को संबोधित किया। स्टेज पर नीता अंबानी, मुकेश अंबानी, वीरेन मर्चेंट और शैला मर्चेंट मौजूद थे। स्पीच में मुकेश अंबानी ने कहा कि ‘हमारा एकमात्र उद्देश्य भारत की समृद्ध बढ़ाना और पृथ्वी पर मौजूद सभी लोगों की भलाई में योगदान देना है।’ दिल को छू जाने वाली इस स्पीच के दौरान मुकेश अंबानी ने अपने पिता और रिलायंस के संस्थापक धीरूभाई अंबानी को याद किया। अपने पिता को याद करते हुए मुकेश अंबानी ने जामनगर के बारे में बात की और कहा ‘आज मेरे पिता धीरूभाई अंबानी भी आसमान से अपना आशीर्वाद दे रहे हैं। मुझे यकीन है वह बहुत खुश होंगे, क्योंकि हम जामनगर में उनके प्यारे पोते अनंत के जीवन का यह बड़ा दिन मना रहे हैं। आज जामनगर कर्मभूमि बन गया है, यह मेरे पिता और मेरे लिए ऐसी जगह है, जहां हमें एम्बिशन, जुनून और उद्देश्य मिला।’ इसके बाद से लोग अंबानी परिवार की जमीन से जुड़े होने की बात कह रहे हैं।

ईशा अंबानी की शादी

वर्ष 2018 में मुकेश अंबानी की इकलौती बेटी ईशा अंबानी की शादी अरबपति बिजनेसमैन अजय पीरामल के बेटे आनंद पीरामल से हुई थी। ईशा अंबानी के कपड़ों से लेकर शादी के कार्ड तक पर अंबानी फैमिली ने जमकर खर्च किया था। जिसे इटली के लेक कोमो, राजस्थान के उदयपुर और मुंबई के जियो गार्डन में आलीशान रिसेप्शन के साथ मनाया गया। उदयपुर में तब रॉकस्टार बियॉन्स ने परफॉर्म किया था। इस शादी में करीब 800 करोड़ रुपए खर्च हुए और ये भारत की सबसे महंगी शादी थी। 6 साल बाद ही सबसे महंगी शादी का ये रिकॉर्ड टूट गया जब मुकेश अंबानी अपने सबसे छोटे बेटे अनंत की शादी कर रहे हैं। 1 से 3 मार्च तक गुजरात के जामनगर में प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन में ही 1200 करोड़ से ज्यादा खर्च कर दिया है। जबकि अभी शादी होनी बाकी है।

आकाश अंबानी की शादी

मुकेश अंबानी ने अपने बड़े बेटे आकाश अंबानी की शादी के लिए स्विट्जरलैंड में एक हफ्ते के लिए आलीशान होटल बुक किया था, जिसकी एक दिन की कीमत 1 लाख रुपए थी। इस होटल को 500 मेहमानों के लिए बुक किया गया था। शादी के एक कार्ड पर 1.5 लाख खर्च किए गए थे। आकाश-श्लोका के प्री वेडिंग सेलिब्रेशन में तीन इंटरनेशनल बैंड कोल्डप्ले, चेनस्मोकर्स और पॉप रॉक बैंड मैरून 5 ने परफॉर्म दिया था। अपनी परफॉर्मेंस के लिए मैरून-5 बैंड ने 12 करोड़ की मांग की थी। रिपोर्ट के अनुसार नीता अंबानी ने श्लोका अंबानी को शादी के तोहफे के तौर पर 451 करोड़ का मेवाड़ एल इंकम्पेरेबल हार दिया था।

You may also like

MERA DDDD DDD DD