sport

फुटपाथ पर जिंदगी गुजार रहा पूर्व हॉकी खिलाड़ी, मदद के लिए आगे आए खेल मंत्री और अमिताभ बच्चन

देश में पड़ रही कड़ाके की ठंड की मार दिल्ली में भी देखने को मिली है। यहां सर्दी ने 100 साल से ज्यादा का रिकॉर्ड तोड़ दिया। लोगों ने भी माना कि ऐसी ठंड दिसंबर  के महीने में आज से पहले कभी नहीं देखी।  दिल्ली की इस हाड़ कंपाने वाली ठंड में भारत के पूर्व हॉकी खिलाड़ी अमरजीत सिंह फुटपाथ पर अपनी जिंदगी गुजारने के लिए मजबूर हैं। अमरजीत सिंह एथलेटिक्स में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट के मुताबिक अमरजीत सिंह भारत के लिए जूनियर हॉकी खेल चुके हैं। अपने शानदार खेल के दम पर पहचान बनाने वाले इस खिलाड़ी ने कई साल लंदन और जर्मनी में भी बिताए। लेकिन अब यह खिलाड़ी दिल्ली के पहाड़ गंज एरिया में फुटपाथ पर अपना जीवन काटने को मजबूर है।

भारत के खेल मंत्री किरण रिजिजू को जब टि्वटर पर इस पूर्व खिलाड़ी के इन हालात का मालूम चला तो उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। इस पोस्ट पर ट्वीट करते हुए रिजिजू ने लिखा, ‘मैं सोशल मीडिया के जरिए लगातार यह कहता रहा हूं कि कोई भी जो सचमुच भारत के लिए खेला है और अब दयनीय हालात में जिंदगी जी रहा है तो उन्हें वित्तीय मदद दी जाएगी। अगर इनका पता मिल जाए तो हम जरूरी मदद करेंगे।’

रिजिजू के इस ट्वीट से पहले बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन ने भी ट्वीट कर इस पूर्व खिलाड़ी को मदद की पेशकश की। अमिताभ ने इस ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए लिखा, ‘क्या यह संभव है कि उनकी यह जानकारी मिल जाए कि उन्हें कहां और कैसे मदद की जा सकती है।’

You may also like