बांग्लादेश के ऑलराउंडर शाकिब अल हसन पर हत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है। जिस कारण उन पर प्रतिबंध लगाने के लिए बोर्ड को एक लीगल नोटिस भेजा गया है तो वहीं कई खबरों में दावा किया जा रहा है कि इस हत्या के दौरान शाकिब बांग्लादेश में थे ही नहीं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि शाकिब पर प्रतिबंध की मांग कितनी वाजिब है?

बांग्लादेश में हुआ तख्तापलट ने देश के क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) को भी हिला कर रख दिया है। फारुक अहमद को हाल ही में नया बीसीबी अध्यक्ष बनाया गया। इसके बाद दिग्गज आलराउंडर शाकिब अल हसन पर हत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में बोर्ड को एक लीगल नोटिस मिला है, जिसमें शाकिब को क्रिकेट के सभी प्रारूपों से प्रतिबंधित करने की मांग की गई है वहीं कई खबरों में दावा किया जा रहा है कि इस हत्या के दौरान शाकिब बांग्लादेश में थे ही नहीं। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह शाकिब के खिलाफ कोई राजनीतिक साजिश तो नहीं है? क्या शाकिब पर प्रतिबंध की मांग वाजिब है?

असल में रफिकुल इस्लाम के बेटे रुबेल की हत्या 7 अगस्त को आंदोलन के दौरान हुई। एफआईआर में शाकिब को भी आरोपी नंबर 28 बनाया गया है। जबकि रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया कि शाकिब 5 अगस्त और प्रदर्शन के दौरान बांग्लादेश नहीं, बल्कि 26 जुलाई से 9 अगस्त तक कनाडा में हुई ग्लोबल टी-20 लीग में हिस्सा लेने गए थे। इतना ही नहीं इससे पहले वह अमेरिका में मेजर लीग क्रिकेट खेल रहे थे।

बांग्लादेश की क्रिकेट टीम इन दिनों पाकिस्तान दौरे पर है और शाकिब भी टीम के साथ हैं जहां दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। बांग्लादेश ने पहला टेस्ट अपने नाम किया और इस दौरान शाकिब अल हसन की भूमिका भी अहम रही लेकिन दूसरे मैच से पहले शाकिब की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। यहां तक कि शाकिब दूसरा टेस्ट खेलेंगे या नहीं इसको लेकर सस्पेंस बना हुआ है। हालांकि इस मामले में बीसीबी अध्यक्ष फारूक अहमद ने कहा कि शाकिब के बारे में कोई फैसला टेस्ट के खत्म होने के बाद लिया जाएगा। मामला दर्ज किया गया है। मामले में एफआईआर की गई है और बाद में जांच होगी, उसके बाद मामला एक दिशा या दूसरी दिशा में आगे बढ़ेगा। दूसरा टेस्ट मैच 30 अगस्त से है, इसलिए मैचों के बीच काफी समय है। इस दौरान हम सोच सकते हैं कि इस संबंध में क्या किया जा सकता है।

क्या है मामला?
बांग्लादेश के दिग्गज क्रिकेटर और आवामी लीग पार्टी के पूर्व सांसद शाकिब अल हसन पर हत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा है। मामला एक कपड़ा श्रमिक की हत्या से जुड़ा है। इसको लेकर उनके खिलाफ पुलिस थाने में मामला दर्ज भी किया गया है। मृतक रुबेल के पिता रफीकुल इस्लाम ने मामला दर्ज कराया है। शाकिब इस मामले में 28वें आरोपी हैं। अन्य आरोपियों में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना, ओबैदुल कादर और 154 अन्य शामिल हैं। करीब 400-500 अज्ञात लोग भी आरोपी बनाए गए हैं।
शाकिब इसी साल बने थे सांसद
शाकिब इसी साल जनवरी में आवामी लीग के टिकट पर सांसद चुने गए थे। हालांकि प्रधानमंत्री शेख हसीना की सत्ता जाने के बाद उनकी सांसदी भी खत्म हो गई।

विवादों से शाकिब का गहरा नाता

बांग्लादेश का यह स्टार ऑलराउंडर अक्सर खेल मैदान के बाहर विवादों के चलते चर्चा में बना रहता है। इस साल अप्रैल महीने में उन्होंने ग्राउंड स्टाफ के साथ हाथापाई की थी। उसका फोन छीनने की कोशिश की थी और उसे थप्पड़ मारने की धमकी भी दी थी। इसके अलावा वह मैदान पर विपक्षी टीम के खिलाड़ियों और अंपायर से भी कई बार भिड़ चुके हैं।

पहले भी लग चुका है शाकिब पर प्रतिबंध

साल 2014 में शाकिब बोर्ड की मंजूरी के बिना सीपीएल यानी कैरेबियन प्रीमियर लीग खेलने चले गए थे। तब उन पर 6 महीने का बैन लगा था। इसके अलावा 2019 में मैच फिक्सिंग के लिए सट्टेबाजों द्वारा बार-बार संपर्क किए जाने के बावजूद भी इसकी जानकारी बोर्ड और
आईसीसी को नहीं देने के मामले में आईसीसी ने शाकिब पर दो साल का प्रतिबंट्टा लगा दिया था। हालांकि आईसीसी की ऐंटी-करप्शन कोड के आरोपों को स्वीकार करने के बाद इसमें से एक साल के बैन को कम कर दिया गया। तब आईसीसी ने शाकिब पर आर्टिकल 2.4.4 के तहत यह प्रतिबंध लगाया था।

तीनों फार्मेट खेल चुके हैं शाकिब

बांग्लादेश के दिग्गज खिलाड़ी शाकिब ने अब तक 67 टेस्ट, 247 वनडे और 129 टी-20 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान शाकिब ने टेस्ट में 4 हजार 505 रन बनाने के साथ 237 विकेट लिए हैं। वहीं वनडे में शाकिब के नाम 7 हजार 570 रन और 317 विकेट दर्ज हैं। जबकि टी-20 में उन्होंने 2 हजार 551 रन और 149 विकेट चटकाए हैं।

You may also like

MERA DDDD DDD DD