राजस्थान की कांग्रेस सरकार में कृषि मंत्री रह चुके लालचंद कटारिया को लेकर पिछले दिनों चर्चा थी कि वे कांग्रेस छोड़ सकते हैं। इसको लेकर अब सियासी संकेत भी सामने आने लगे हैं। लालचंद कटारिया का उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के साथ मुलाकात का एक फोटो सामने आया है जिसके बाद एक बार फिर चर्चा जोरों पर है कि कटारिया बीजेपी का दामन पकड़ सकते हैं। उपराष्ट्रपति से कटारिया की मुलाकात को इसी संकेत से जोड़कर देखा जा रहा है। लालचंद कटारिया का निर्वाचन क्षेत्र झोटवाड़ा विधानसभा था। लेकिन इस बार उनके क्षेत्र में उनका काफी विरोध रहा। उसको देखते हुए उन्होंने चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया और यह तर्क दिया कि वह राजनीति की जगह अध्यात्म की ओर ध्यान देंगे। तब कटारिया ने कहा कि न तो वे खुद चुनाव लड़ेंगे और न ही उनका कोई करीबी विधानसभा चुनाव लड़ेगा। इसी तरह वन एवं पर्यावरण मंत्री हेमाराम चौधरी ने विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा की थी। मगर बीते दिनों उपराष्ट्रपति जगदीश धनखड़ के साथ उनकी मुलाकात के बाद कुछ और ही संकेत देखने को मिल रहे हैं। खास बात यह है कि इस मुलाकात के दौरान आरएसएस से जुड़े हुए पदाधिकारी भी मौजूद थे जो नए रणनीतिक समीकरणों की तरफ इशारा कर रहे हैं। कटारिया पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के करीबी माने जाते हैं।
किनारा करेंगे कठारिया!

