प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीजेपी कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करने के लिए ‘नमो ऐप’ का इस्तेमाल करते हैं। इसी तर्ज पर अब दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का ऐप आने वाला है। अरविंद केजरीवाल आज खुद ‘एके ऐप’ की घोषणा कर सकते हैं।
विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी ‘आप’ के लिए ये कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। केजरीवाल इस दौरान अपने कार्यकर्ताओं में दिल्ली को दोबारा फतह करने का उत्साह भरेंगे। दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने बताया कि केजरीवाल बुधवार से 14 जिलों के कार्यकर्ताओं से सीधा संपर्क करेंगे। इसके लिए वह ‘एके एप’ लांच करेंगे। हर सम्मेलन में एक जिले से बूथ स्तर तक के एक हजार कार्यकर्ता शामिल होंगे। 16 से 24 अक्टूबर तक यह सभाएं होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री केजरीवाल कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों व रणनीति पर चर्चा करेंगे। उनके सवालों का जवाब भी देंगे।

‘नमो ऐप’ की तरह ही इस ऐप पर भी केजरीवाल सरकार के फैसले और विकास कार्यों की जानकारी उपलब्ध होगी। 19 अक्तूबर को दक्षिणी दिल्ली लोकसभा के छतरपुर और तुगलकाबाद सम्मेलन आयोजित होना है। 20 अक्तूबर को पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के शाहदरा में कृष्णा नगर और पतपड़गंज में होगा, जबकि 21 अक्तूबर को उत्तरी दिल्ली के किराड़ी और रोहिणी में सम्मेलन होगा।
गोपाल राय ने बताया कि 22 अक्तूबर को चांदनी चौक के वजीरपुर और सदर बाजार, 23 अक्तूबर को नई दिल्ली के मोती नगर और मालवीय नगर में सम्मेलन होगा। 24 अक्तूबर को अंतिम कार्यकर्ता सम्मेलन उत्तर पूर्वी लोकसभा क्षेत्र के तिमारपुर और बाबरपुर में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस जिला सम्मेलन के माध्यम से लोकसभा चुनाव के संगठन निर्माण की भी तैयारी कर रहे हैं। इस सम्मेलन से नवंबर तक 1.40 लाख विजय प्रमुख नियुक्त होंगे। इनके सहारे चुनाव प्रचार को आगे बढ़ाया जाएगा।

