प्याज के दामों में लगी आग के बीच वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को लोकसभा में एक ऐसा बयां दिया जिससे कई लोग उनके इस तर्क पर आपत्ति जता रहे हैं तो कई उनकी इस बात का समर्थन कर रहे हैं.
खबरों के मुताबिक उन्होंने कहा कि प्याज की बढ़ती कीमतों से व्यक्तिगत तौर पर उनपर कोई खास असर नहीं पड़ा है, क्योंकि उनके परिवार में प्याज-लहसुन ज्यादा नहीं खाया जाता. वित्त मंत्री का यह बयान तब आया जब वे लोकसभा में प्याज की बढ़ती कीमतों से निपटने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दे रही थीं.
निर्मला सीतारमण ने कहा कि सरकार ने देश में प्याज की कीमतों को नियंत्रित करने के लिये कई कदम उठाये हैं जिनमें इसके भंडारण से जुड़े ढांचागत मुद्दों का समाधान निकालने के उपाय शामिल हैं. इसी दौरान विपक्षी सांसदों के टोकने पर निर्मला सीतारमण ने कहा, ‘मैं बहुत ज्यादा प्याज-लहसुन नहीं खाती. इसलिये चिंता न करें. मैं ऐसे परिवार से आती हूं, जिसे प्याज की कोई खास परवाह नहीं है’. वित्त मंत्री की इस बात अन्य सांसद हंस पड़े.
प्याज के दाम पर निर्मला सीतारमण ने कहा – मैं ज्यादा लहसुन प्याज नहीं खाती
देश में प्याज की कीमतें 100 रु प्रति किलो को भी पार कर गई हैं. निर्मला सीतारमण ने कहा कि प्याज की खेती के रकबे में कमी आई है और उत्पादन में भी गिरावट दर्ज की गई है लेकिन सरकार उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिये कदम उठा रही है. उन्होंने कहा, ‘प्याज की कीमतों को नियंत्रित करने के लिये मूल्य स्थिरता कोष का उपयोग किया जा रहा है. इस संबंध में 57 हजार मीट्रिक टन का बफर स्टाक बनाया गया है. इसके अलावा मिस्र और तुर्की से भी प्याज आयात किया जा रहा है.’


