Country world

नस्लीय भेदभाव के चलते रश्मि सामंत को देना पड़ा ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष पद से इस्तीफा

ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के छात्र संघ चुनाव जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय मूल की छात्रा रश्मि सामंत ने पद से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि अपनी पिछली कुछ टिप्पणियों से हुए विवादों को देखते हुए उन्होंने इस्तीफा दिया है। 13 फरवरी को ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय छात्र संघ की अध्यक्ष चुनीं गईं रश्मि सामंत इस पद को हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला थीं।

रश्मि सामंत भारत के मणिपाल से आती हैं, जो हाल ही में ऑक्सफोर्ड स्टूडेंट यूनियन की अध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं। रश्मि के सोशल मीडिया पर डाले गए एक पोस्ट को लेकर विवाद हुआ था। जिसमें उन्होंने मलेशिया के बुद्ध मंदिर के बाहर खड़े होकर तस्वीर खिंचवाई, लेकिन कैप्शन में ‘चिंग चांग’ लिख दिया। रश्मि सामंत का ये पोस्ट ऑक्सफोर्ड में मौजूद चीनी छात्रों को पसंद नहीं आया और देखते ही देखते इसपर विवाद छिड़ गया। लंबे विवाद के बाद अब रश्मि ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक ओपन लेटर लिखा और अपने पद से इस्तीफे का ऐलान कर दिया। रश्मि सामंत ने अपने लेटर में लिखा है कि अगर किसी को भी उसके पोस्ट से तकलीफ पहुंची है, तो वो माफी मांगती हैं। वह हर किसी का सम्मान करती हैं। रश्मि का कहना है कि वो आने वाले दिनों में यूनिवर्सिटी में मौजूद हर तबके से बात करेंगी और अपनी भावनाओं को समझाएंगी।

रश्मि सामंत विश्वविद्यालय के अंतर्गत लिनाक्रे कॉलेज में एमएससी (एनर्जी सिस्टम्स) की पढ़ाई कर रही हैं। छात्र संघ चुनाव में उन्हें भारी मतों से जीत हासिल की थी। उन्हें कुल पड़े 3,708 मतों में से 1,966 मत मिले थे। पूर्व में वह कर्नाटक के मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी की छात्रा रही हैं। विश्वविद्यालय के चुनाव में उन्होंने पाठ्यक्रम से औपनिवेशिक सोच को कम करने का जो वादा किया, उसे खासतौर पर पसंद किया गया। इसके साथ ही रश्मि ने विश्वविद्यालय में लंबे समय से व्याप्त खामियों को दूर करने का भी भरोसा दिया था। इसके लिए उन्होंने साथी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों से सहयोग मांगा था।

You may also like

MERA DDDD DDD DD