बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘गुलाबो सिताबो’ के बाद अभिनेत्री विद्या बालन की फिल्म ‘शकुंतला देवी’ भी अब सिनेमा घर के भरोसे नहीं है। यह फिल्म भी ‘गुलाबो- सिताबो’ की तरफ ओटीटी प्लेटफॉर्म की राह पर चल दी है। इस खबर के बाद थिएटर्स को एक बार फिर झटका लग सकता है क्योंकि यह फिल्म थिएटर्स में रिलीज नहीं होगी, बल्कि फ़िल्म सीधे आपके मोबाइल फोन और टीवी तक पहुंचेगी।

ओटीटी ने इसके वर्ल्ड प्रीमियर का ऐलान कर दिया है। हालांकि रिलीज डेट अभी तय नहीं हैं। लेकिन,माना जा रहा है कि जून के आखिरी हफ्ते में इसे रिलीज किया जा सकता है। विद्या बालन ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा- ‘ये ऐलान करते हुए खुश हूं कि ‘शकुंतला देवी’ जल्द प्राइम वीडियो पर आप अपने परिवार के साथ देख सकेंगे। रोमांचित हूं कि हम ऐसे अकल्पनीय समय में आपका मनोरंजन कर पायेंगे।’
पिछले साल दिसम्बर में विद्या ने इंस्टाग्राम पर ही एक वीडियो जारी करके बताया था कि यह फ़िल्म 8 मई को रिलीज़ होगी, लेकिन, कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन और सिनेमाघरों के बंद होने की वजह से 13 मार्च के बाद फ़िल्में रिलीज़ नहीं हो रही हैं। इस फिल्म में विद्या, ह्यूमन कंप्यूटर मानी जाने वाली गणितज्ञ शकुंतला देवी के रोल में नजर आएंगी, विद्या के साथ जिसु सेनगुप्ता और सान्या मल्होत्रा अहम किरदारों में नज़र आएंगे। फिल्म की शूटिंग पिछले साल लंदन में शुरू हुई थी। विद्या की यह फिल्म काफी समय से चर्चा में हैं।
कौन है शकुंतला देवी

यह फिल्म मशहूर गणितज्ञ शकुंतला देवी पर आधारित हैं। शकुंतला देवी मैथ्स जीनियस के तौर पर जानी जाती हैं। वह चंद सेकंड में कठिन से कठिन कैल्कुलेशन हल कर लेती हैं। गणित पर धाकड़ पकड़ के चलते उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ था। उन्होंने कई किताबें भी लिखीं जिसमें नॉवेल, मैथ्स पर बेस्ड बुक्स, पजल और एस्ट्रोलॉजी शामिल हैं। विद्या बालन ने पीटीआई को दिये एक इंटरव्यू में कहा था,’ मैं ह्यूमन कंप्यूटर शंकुतला देवी का किरदार निभाने के लिए बेहद उत्साहित हूं।
एक मजबूत महिला जिन्होंने कई लोगों को शिखर तक पहुंचाने में मदद की। यह कितना अविश्वसनीय है कि ‘द मैथ्स जीनियस, द ह्यूमन कंप्यूटर, एक छोटे शहर की भारतीय लड़की थी, जिसने दुनिया में एक अलग पहचान बनाई।’ अभिनेत्री ने बताया कि वह इस फिल्म के साथ जुड़कर गर्व महसूस कर रही हैं।

