आगामी आम चुनाव से पहले नेताओं का दल बदल का खेल पिछले कुछ समय से जोरों पर है। इस दौरान कई बड़े नेता इधर से उधर हो गए हैं, वहीं इस बीच राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि बहुजन समाज पार्टी के सांसद श्याम सिंह यादव हाथी छोड़ हाथ के साथ जा सकते हैं। इन अटकलों को बल मिला उनके राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में शामिल होने से। कहा जा रहा है कि अगर लोकसभा चुनाव 2024 से पहले वे कांग्रेस में शामिल होते हैं तो यह बीएसपी के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है। इससे पहले अम्बेडकर नगर के सांसद रितेश पांडे भी पार्टी से इस्तीफा दे भाजपा में शामिल हो गए हैं तो पार्टी से निष्कासित चल रहे दानिश अली के कांग्रेस में जाने की डील लगभग तय मानी जा रही है। सांसद रितेश पांडे ने बीएसपी पर आरोप लगाए हैं कि पार्टी को उनकी जरूरत नहीं है। इसलिए उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दिया है। इधर उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पिछले दिनों अमरोहा जिले में थी। राहुल की यात्रा में बसपा द्वारा निष्कासित किए गए सांसद कुंवर दानिश अली मंच पर पहुंचे वहीं इसके अगले दिन जब राहुल की यात्रा आगरा पहुंची तो उनके साथ जौनपुर के सांसद श्याम सिंह यादव भी दिखाई दिए जिसके बाद से सियासत गरमाई हुई है।
‘हाथी’ छोड़ ‘हाथ’ थामेंगे श्याम सिंह!

