इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज भारतीय क्रिकेट के लिए नई सम्भावनाओं और नई चुनौतियों का मंच है। इस सीरीज में जहां युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजरें होंगी तो वहीं सबसे बड़ी परीक्षा कप्तान श्रेयस अय्यर की होगी। उन्हें एक बल्लेबाज, कप्तान की भूमिका में खुद को साबित करना होगा। इंग्लैंड की मजबूत टीम के खिलाफ मिली सफलता उन्हें भारतीय क्रिकेट के नेतृत्व की दौड़ में मजबूत स्थिति में ला सकती है जबकि असफलता नए सवाल भी खड़े कर सकती है। यही वजह है कि इंग्लैंड दौरा श्रेयस अय्यर के लिए केवल एक सीरीज नहीं बल्कि उनके करियर की सबसे बड़ी अग्निपरीक्षा भी है

इसी साल मार्च में भारत ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी-20 विश्व कप का खिताब जीता था। इसके बावजूद अचानक कप्तानी में बदलाव किया गया और सूर्यकुमार को न केवल कप्तानी से हटाया गया बल्कि टीम से भी बाहर कर दिया गया। इसके बाद टीम की कमान श्रेयस अय्यर को सौंपी गई। अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया अपनी पहली टी-20 सीरीज गंवा चुकी है। आयरलैंड के खिलाफ शर्मनाक प्रदर्शन और सीरीज हार के बाद भारतीय टीम पर दबाव बढ़ गया है। ऐसे समय में इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ पांच टी-20 मैचों की सीरीज अय्यर के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं होगी। आयरलैंड के खिलाफ मिली हार के बाद उनकी कप्तानी को लेकर कई तरह के सवाल उठने शुरू हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह कि आयरलैंड के खिलाफ सीरीज गंवाने के बाद इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम के सामने भारतीय टीम कैसा प्रदर्शन करती है। माना जा रहा है कि बतौर कप्तान श्रेयस अय्यर का भविष्य काफी हद तक इस सीरीज के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा। एक तरफ उन्हें टीम को जीत की राह पर वापस लाना है तो दूसरी ओर अपनी कप्तानी, बल्लेबाजी और रणनीतिक क्षमता को भी साबित करना होगा।

खेल विश्लेषकों और पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों का कहना है कि इंग्लैंड की परिस्थितियां हमेशा से चुनौतीपूर्ण रही हैं। तेज गेंदबाजों को मदद देने वाली पिचें, आक्रामक बल्लेबाजी करने वाली इंग्लिश टीम और घरेलू परिस्थितियों का फायदा मेजबान टीम को मजबूत बनाता है। ऐसे में श्रेयस अय्यर के हर फैसले पर नजर रहेगी। यदि भारतीय टीम इस दौरे पर अच्छा प्रदर्शन करती है तो श्रेयस अय्यर की कप्तानी को मजबूती मिलेगी लेकिन यदि टीम लगातार संघर्ष करती है तो कप्तानी को लेकर फिर नई बहस शुरू हो सकती है। यही वजह है कि इंग्लैंड दौरा केवल एक सीरीज नहीं बल्कि श्रेयस अय्यर के नेतृत्व की सबसे बड़ी और कड़ी परीक्षा है।
नई जिम्मेदारी, बड़ी चुनौती
अय्यर लम्बे समय से भारतीय क्रिकेट का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने वनडे और टेस्ट क्रिकेट में अपनी उपयोगिता साबित की है लेकिन टी-20 प्रारूप में कप्तान के रूप में यह सीरीज उनके लिए सबसे बड़ी परीक्षा मानी जा रही है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कप्तानी केवल मैदान पर फैसले लेने तक सीमित नहीं होती बल्कि खिलाड़ियों को प्रेरित करना, दबाव को सम्भालना और परिस्थितियों के अनुसार रणनीति बदलना भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है। इंग्लैंड की टीम आक्रामक क्रिकेट खेलने के लिए जानी जाती है। उनकी बल्लेबाजी गहराई और तेज रन बनाने की क्षमता किसी भी गेंदबाजी आक्रमण पर भारी पड़ सकती है। ऐसे में श्रेयस अय्यर को मैदान पर हर फैसला सोच-समझकर लेना होगा।
बल्लेबाजी में भी निभानी होगी बड़ी भूमिका
कप्तानी के साथ-साथ श्रेयस अय्यर की बल्लेबाजी भी चर्चा के केंद्र में रहेगी। मध्यक्रम में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। यदि शुरुआती विकेट जल्दी गिरते हैं तो पारी को सम्भालने की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर होगी, वहीं अगर टीम को तेजी से रन बनाने की जरूरत होगी तो उन्हें आक्रामक भूमिका भी निभानी पड़ेगी। हाल के वर्षों में टी-20 क्रिकेट का स्वरूप तेजी से बदला है। अब केवल तकनीकी रूप से मजबूत बल्लेबाज होना पर्याप्त नहीं है बल्कि परिस्थितियों के अनुसार तेजी से रन बनाना भी जरूरी है। श्रेयस अय्यर के सामने यह चुनौती होगी कि वह अपनी पारम्परिक बल्लेबाजी शैली और आधुनिक टी-20 क्रिकेट की मांगों के बीच संतुलन स्थापित करें।
युवा खिलाड़ियों को साथ लेकर चलने की चुनौती
इस सीरीज में भारतीय टीम में कई युवा खिलाड़ियों को अवसर मिल सकता है। ऐसे खिलाड़ियों के लिए कप्तान का विश्वास और समर्थन बेहद महत्वपूर्ण होता है। श्रेयस अय्यर को एक ऐसे कप्तान की भूमिका निभानी होगी जो युवा खिलाड़ियों को खुलकर खेलने का आत्मविश्वास दे सके। खासकर वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा और अन्य युवा खिलाड़ियों पर भी नजरें रहेंगी। यदि युवा खिलाड़ियों को मौका मिलता है तो श्रेयस की नेतृत्व क्षमता की असली परीक्षा वहीं होगी कि वह उन्हें किस तरह से इस्तेमाल करते हैं और दबाव की परिस्थितियों में उनका मनोबल बनाए रखते हैं।
आसान नहीं इंग्लैंड की चुनौती
इंग्लैंड अपने घरेलू मैदानों पर बेहद खतरनाक टीम मानी जाती है। वहां की परिस्थितियां, तेज गेंदबाजों को मिलने वाली मदद और छोटी सीमाएं मैच को किसी भी दिशा में मोड़ सकती हैं। इंग्लैंड की बल्लेबाजी इकाई शुरू से ही आक्रामक रवैया अपनाती है और विपक्षी टीम पर दबाव बनाने की कोशिश करती है। ऐसे में भारतीय गेंदबाजों के इस्तेमाल, फील्ड प्लेसमेंट और गेंदबाजी बदलावों में श्रेयस अय्यर की रणनीति महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कप्तान के रूप में उनके फैसले सीरीज के नतीजे को प्रभावित कर सकते हैं।
टीम संयोजन पर भी होगी नजर
भारतीय टीम के सामने सबसे बड़ा सवाल सही संयोजन चुनने का होगा। क्या टीम अतिरिक्त बल्लेबाज के साथ उतरेगी या एक अतिरिक्त गेंदबाज को मौका देगी? क्या युवा खिलाड़ियों को तुरंत मौका मिलेगा या अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा कायम रखा जाएगा? इन सभी सवालों के जवाब कप्तान और टीम प्रबंधन को देने होंगे। श्रेयस अय्यर के लिए यह जरूरी होगा कि वह परिस्थितियों के अनुसार लचीली रणनीति अपनाएं और हर मैच में सर्वश्रेष्ठ संयोजन मैदान पर उतारें।
आलोचनाओं का जवाब देने का मौका
श्रेयस अय्यर को कई बार उनकी टी-20 बल्लेबाजी शैली और कप्तानी को लेकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है। कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि उन्हें अपनी बल्लेबाजी में और अधिक आक्रामकता लाने की जरूरत है। वहीं कप्तानी के स्तर पर भी  सफलता हासिल करना उनके लिए जरूरी माना जा रहा है। इंग्लैंड के खिलाफ यह सीरीज उन्हें आलोचनाओं का जवाब देने और खुद को एक सफल टी-20 कप्तान के रूप में स्थापित करने का अवसर दे सकती है। यदि भारत इस दौरे पर अच्छा प्रदर्शन करता है तो श्रेयस की दावेदारी भविष्य की कप्तानी के लिए और मजबूत हो सकती है।
टीम इंडिया में होगी वैभव की एंट्री?
हाल ही में आयरलैंड दौरे पर भारतीय टीम को टी-20 सीरीज में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद क्रिकेट जगत में एक सवाल लगातार उठ रहा है कि क्या युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया जाना चाहिए था? अब भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर है जहां उसे पांच टी-20 और तीन वनडे मुकाबले खेलने हैं। यह दौरा टीम इंडिया के लिए वापसी का अवसर भी होगा और युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का बड़ा मंच भी। सबसे ज्यादा चर्चा वैभव सूर्यवंशी को लेकर हो रही है। यदि उन्हें डेब्यू का अवसर मिलता है तो वह भारतीय क्रिकेट के सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो सकते हैं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और निडर सोच इंग्लैंड की परिस्थितियों में भी टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।
इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही इस सीरीज में सभी की नजरें इस बात पर रहेंगी कि क्या वैभव सूर्यवंशी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का मौका मिलता है या नहीं। यदि ऐसा होता है तो यह भारतीय क्रिकेट में एक नए अध्याय की शुरुआत हो सकती है। कई पूर्व क्रिकेटरों और विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे दौरों पर युवा खिलाड़ियों को मौका देकर भविष्य की टीम तैयार की जा सकती है। हालांकि आयरलैंड के खिलाफ मिली हार का पूरा कारण वैभव को मौका न मिलना नहीं माना जा सकता लेकिन यह जरूर कहा जा सकता है कि ऐसे दौरे युवा प्रतिभाओं को परखने के लिए उपयुक्त होते हैं। भारतीय टीम लम्बे समय से अपेक्षाकृत कमजोर टीमों के खिलाफ नई प्रतिभाओं को अवसर देती रही है जिससे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर के दबाव और परिस्थितियों को बेहतर ढंग से समझ सकें।
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन भी पहले ही अपनी टीम को वैभव सूर्यवंशी से सावधान रहने की सलाह दे चुके हैं। उनका मानना है कि ऐसे युवा बल्लेबाज टी-20 क्रिकेट का अंदाज बदल रहे हैं और अब 230 रन का स्कोर भी सुरक्षित नहीं माना जा सकता। ऐसे में सभी की नजरें इस बात पर रहेगी कि इंग्लैंड दौरे पर क्या वैभव सूर्यवंशी अपने इंटरनेशनल करियर की यादगार शुरुआत कर पाते हैं या नहीं। हालांकि अंतिम फैसला टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं के हाथ में होगा लेकिन इतना तय है कि वैभव सूर्यवंशी ने अपनी प्रतिभा से भारतीय क्रिकेट में अपनी मजबूत दावेदारी जरूर पेश कर दी है। अब देखना यह होगा कि यह युवा बल्लेबाज कब और किस मंच पर अपने अंतरराष्ट्रीय सफर की शुरुआत करता है।

भविष्य की दिशा तय करेगी यह सीरीज
टी-20 विश्व कप और आने वाले बड़े टूर्नामेंटों को देखते हुए यह सीरीज भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। टीम प्रबंधन यह देखना चाहेगा कि कौन से खिलाड़ी दबाव में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं और कौन भविष्य की योजनाओं का हिस्सा बन सकते हैं। श्रेयस अय्यर के लिए भी यह केवल पांच मैचों की सीरीज नहीं है बल्कि अपने नेतृत्व कौशल और क्रिकेट समझ को साबित करने का अवसर है। अगर वह टीम को जीत दिलाने में सफल रहते हैं तो भारतीय क्रिकेट में उनकी भूमिका और मजबूत हो सकती है।
भारत के इंग्लैंड दौरे का शेड्यूल
मैच                        तारीख                        स्थान

पहला टी-20            1 जुलाई                  चेस्टर-ले-स्ट्रीट
दूसरा टी-20         4 जुलाई                     मैनचेस्टर
तीसरा टी-20        7 जुलाई                        नॉटिंघम
चौथा टी-20            9 जुलाई                       ब्रिस्टल
पांचवां टी-20         11 जुलाई                     साउथैम्पटन
टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर),  ईशान किशन, शिवम दुबे, नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा,  रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी।

You may also like