गत् 27 मई को सुप्रीम कोर्ट ने बिहार से शुरू हुई स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (एसआईआर) प्रक्रिया को संवैधानिक और वैध करार देते हुए हुए कहा है कि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना चुनाव आयोग की मूल जिम्मेदारी है। अदालत ने विपक्ष और याचिकाकर्ताओं के उन आरोपों को खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि एसआईआर के बहाने ‘पिछले दरवाजे से नागरिकता जांच’ कराई जा रही है। फैसले के बाद बीजेपी इसे लोकतंत्र की जीत तो विपक्ष इसे बेहद निराश पूर्ण निर्णय बता रहा है
देश की चुनावी व्यवस्था और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़े एक बेहद महत्वपूर्ण मामले में सुप्रीम कोर्ट ने गत् 27 मई को बड़ा फैसला सुनाते हुए बिहार से शुरू हुई स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (एसआईआर) प्रक्रिया को वैध और संवैधानिक करार दे दिया है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता बनाए रखना चुनाव आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी है और इसी उद्देश्य से की जाने वाली गहन समीक्षा प्रक्रिया को अवैध नहीं कहा जा सकता।
यह फैसला केवल बिहार तक सीमित नहीं माना जा रहा बल्कि आने वाले वर्षों में देशभर में होने वाली मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रियाओं के लिए एक महत्वपूर्ण कानूनी आधार के रूप में देखा जा रहा है। अदालत के इस निर्णय ने चुनाव आयोग को बड़ी राहत दी है वहीं राजनीतिक गलियारों में एक नई बहस को भी जन्म दे दिया है।
क्या है एसआईआर?
स्पेशल इंटेंसिव रिविजन यानी एसआईआर, मतदाता सूची की एक विशेष और व्यापक समीक्षा प्रक्रिया है। सामान्य तौर पर चुनाव आयोग हर वर्ष मतदाता सूची का पुनरीक्षण करता है लेकिन जब किसी क्षेत्र में बड़ी संख्या में फर्जी, डुप्लीकेट या संदिग्ध प्रविष्टियों की शिकायतें सामने आती हैं, तब आयोग विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू करता है। इस प्रक्रिया के तहत मतदाताओं के दस्तावेज, निवास सम्बंधी जानकारी और पात्रता का सत्यापन किया जाता है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मतदाता सूची में केवल वही लोग शामिल हों जो कानूनी रूप से मतदान के पात्र हैं।
बिहार में इस प्रक्रिया को लेकर विवाद तब बढ़ा जब विपक्षी दलों और कुछ सामाजिक संगठनों ने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर नागरिकता से जुड़े सवाल पूछे जा रहे हैं और इससे बड़ी संख्या में गरीब, प्रवासी तथा वंचित वर्गों के लोगों को परेशानी हो सकती है।
सुप्रीम कोर्ट में क्या दलीलें दी गईं?
याचिकाकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट में दावा किया कि चुनाव आयोग अपनी संवैधानिक सीमाओं का उल्लंघन कर रहा है। उनका कहना था कि नागरिकता तय करने का अधिकार केवल केंद्र सरकार और संबंधित वैधानिक संस्थाओं के पास है लेकिन एसआईआर के माध्यम से चुनाव आयोग अप्रत्यक्ष रूप से वही काम कर रहा है। याचिका में यह भी कहा गया कि संविधान और जनप्रतिनिधित्व कानून के तहत चुनाव आयोग को मतदाता सूची तैयार करने और संशोधित करने का अधिकार तो है लेकिन वह किसी व्यक्ति की नागरिकता की जांच करने वाली संस्था नहीं बन सकता। याचिकाकर्ताओं ने अदालत को यह भी बताया कि जमीनी स्तर पर दस्तावेजों की मांग और सत्यापन की प्रक्रिया ने गरीब और कम पढ़े-लिखे लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। उनका कहना था कि कई ऐसे लोग जो वर्षों से मतदान करते आ रहे हैं, अब खुद को संदिग्ध स्थिति में महसूस कर रहे हैं। कुछ याचिकाओं में यह आरोप भी लगाया गया कि एसआईआर प्रक्रिया का राजनीतिक इस्तेमाल हो सकता है और इसका असर विशेष समुदायों या सामाजिक समूहों पर अधिक पड़ सकता है।
सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?
सुप्रीम कोर्ट ने इन सभी दलीलों पर विस्तार से विचार करने के बाद चुनाव आयोग के पक्ष को स्वीकार किया। अदालत ने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की आत्मा हैं और मतदाता सूची की शुद्धता उसके सबसे महत्वपूर्ण आधारों में से एक है। अदालत ने कहा कि यदि चुनाव आयोग को यह लगता है कि किसी क्षेत्र में मतदाता सूची में व्यापक त्रुटियां हैं तो उसके पास विशेष पुनरीक्षण करने का पूरा अधिकार है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि मतदाता सूची की समीक्षा और नागरिकता जांच दोनों अलग-अलग विषय हैं।
पीठ ने कहा कि केवल इस आधार पर कि दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है, यह नहीं माना जा सकता कि चुनाव आयोग नागरिकता तय करने का काम कर रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में यह भी कहा कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है और उसे निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाने की स्वतंत्रता होनी चाहिए। अदालत ने यह टिप्पणी भी की कि लोकतंत्र की विश्वसनीयता मतदाता सूची की विश्वसनीयता से जुड़ी हुई है।
बीजेपी ने फैसले को बताया लोकतंत्र की जीत
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भारतीय जनता पार्टी ने इसका जोरदार स्वागत किया। बीजेपी नेताओं ने कहा कि अदालत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाना लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है। पार्टी नेताओं ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह राजनीतिक लाभ के लिए चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर लगातार सवाल उठा रहा था। बीजेपी का कहना है कि फर्जी मतदाताओं और अवैध घुसपैठ के मुद्दे को उठाना लोकतंत्र के हित में है और इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
विपक्ष ने क्यों जताई चिंता?
दूसरी ओर विपक्षी दलों ने फैसले के बाद भी अपनी आशंकाएं दोहराईं। कांग्रेस, आरजेडी और कई अन्य दलों ने कहा कि अदालत का फैसला अपनी जगह है लेकिन जमीनी स्तर पर एसआईआर की प्रक्रिया को लागू करने का तरीका बेहद महत्वपूर्ण होगा। विपक्ष का कहना है कि देश में बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जिनके पास जन्म प्रमाणपत्र, भूमि रिकाॅर्ड या अन्य जरूरी दस्तावेज नहीं हैं। ऐसे में यदि दस्तावेज आधारित सत्यापन अत्यधिक कठोर हुआ तो गरीब, दलित, आदिवासी, प्रवासी मजदूर और ग्रामीण आबादी सबसे ज्यादा प्रभावित होगी।
योगेंद्र यादव ने फैसले पर क्या कहा?
चुनाव सुधारों और लोकतांत्रिक अधिकारों के मुद्दों पर लम्बे समय से सक्रिय रहे योगेंद्र यादव ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस मामले का परिणाम उन्हें पहले से तय दिखाई दे रहा था और अदालत ने एसआईआर की मूल संवैधानिक बहस से दूरी बना ली। योगेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि अब यह खतरा पैदा हो गया है कि ‘कौन वोट देगा और कौन नहीं’, इसका नियंत्रण धीरे-धीरे सत्ताधारी व्यवस्था के हाथों में केंद्रित हो सकता है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के नाम पर ऐसी प्रक्रिया विकसित हो सकती है जिसमें बड़ी संख्या में लोगों को सूची से बाहर कर दिया जाए। योगेंद्र यादव ने यह भी आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई जारी रहने के बावजूद जमीनी स्तर पर एसआईआर की प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ती रही, जिससे पूरा मामला लगभग पूर्वनिर्धारित स्थिति में पहुंच गया।
प्रशांत भूषण की दलीलें क्या थीं?
वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण, जो याचिकाकर्ताओं की ओर से अदालत में पेश हुए, ने चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर गम्भीर सवाल उठाए। प्रशांत भूषण ने अदालत में दलील दी कि मतदाता सूची में शामिल होने के लिए कानून केवल उम्र, पहचान और निवास से जुड़ी शर्तें निर्धारित करता है लेकिन एसआईआर के दौरान अतिरिक्त और कठोर दस्तावेजों की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि नागरिकता को संदेह के आधार पर नहीं परखा जा सकता और यदि कोई व्यक्ति स्वयं को भारतीय नागरिक घोषित करता है तो उसे गलत साबित करने की जिम्मेदारी राज्य की होनी चाहिए। भूषण ने चेतावनी दी कि इस तरह की प्रक्रियाओं का सबसे अधिक असर गरीबों, महिलाओं, प्रवासी मजदूरों और कमजोर वर्गों पर पड़ेगा क्योंकि इनके पास अक्सर जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होते। उन्होंने यह भी तर्क दिया कि चुनाव आयोग मतदाता सूची पुनरीक्षण के अधिकार का इस्तेमाल करते हुए ऐसी सीमाओं तक पहुंच रहा है जो अप्रत्यक्ष रूप से नागरिकता जांच जैसी स्थिति पैदा कर सकती हैं। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने अंततः इन दलीलों को स्वीकार नहीं किया और चुनाव आयोग के पक्ष को सही माना।
चुनाव आयोग का पक्ष
चुनाव आयोग ने अदालत में अपना पक्ष रखते हुए कहा था कि एसआईआर का उद्देश्य केवल मतदाता सूची को शुद्ध करना है। आयोग ने कहा कि उसे समय-समय पर शिकायतें मिलती रही हैं कि कई स्थानों पर मृत लोगों, स्थानांतरित व्यक्तियों या अपात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में बने हुए हैं। आयोग ने कहा कि लोकतंत्र की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए यह जरूरी है कि मतदाता सूची त्रुटिरहित हो। चुनाव आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि एसआईआर प्रक्रिया किसी विशेष समुदाय या वर्ग को निशाना बनाने के लिए नहीं है बल्कि यह एक प्रशासनिक और कानूनी प्रक्रिया है जिसका उद्देश्य निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करना है।
क्या देशभर में लागू हो सकता है ऐसा माॅडल?
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद यह संभावना मजबूत मानी जा रही है कि भविष्य में अन्य राज्यों में भी व्यापक मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान चलाए जा सकते हैं। चुनाव आयोग यदि किसी राज्य में बड़े पैमाने पर फर्जी या डुप्लीकेट मतदाताओं की शिकायत पाता है तो वह एसआईआर जैसी प्रक्रिया लागू करने के लिए अब अधिक कानूनी रूप से मजबूत स्थिति में होगा। विशेषज्ञों का कहना है कि अदालत के इस फैसले ने चुनाव आयोग की प्रशासनिक शक्तियों को एक तरह से न्यायिक समर्थन प्रदान किया है।
लोकतंत्र और मतदाता सूची का सम्बंध भारतीय लोकतंत्र की पूरी चुनावी व्यवस्था मतदाता सूची की विश्वसनीयता पर टिकी हुई है। यदि मतदाता सूची में त्रुटियां हों, फर्जी नाम शामिल हों या पात्र नागरिकों के नाम हट जाएं, तो चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो सकते हैं। इसी कारण समय-समय पर मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जाता है। हालांकि यह प्रक्रिया हमेशा संवेदनशील रही है, क्योंकि इसका सीधा सम्बंध नागरिकों के मतदान अधिकार से जुड़ा होता है। यही वजह है कि एसआईआर को लेकर कानूनी, राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर इतनी बड़ी बहस देखने को मिली।
आगे क्या?
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब बिहार में एसआईआर प्रक्रिया जारी रहेगी। हालांकि अदालत के निर्णय के बावजूद राजनीतिक विवाद थमता नहीं दिख रहा। विपक्ष जहां इस प्रक्रिया की निगरानी और पारदर्शिता की मांग कर रहा है वहीं बीजेपी इसे चुनावी सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बता रही है। आने वाले समय में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जमीनी स्तर पर इस प्रक्रिया को किस प्रकार लागू किया जाता है और क्या वास्तव में इससे मतदाता सूची अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बन पाती है। फिलहाल इतना स्पष्ट है कि 27 मई 2026 को आया सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला केवल एक कानूनी निर्णय भर नहीं बल्कि भारतीय चुनावी राजनीति और लोकतांत्रिक विमर्श को प्रभावित करने वाला एक बड़ा संवैधानिक पड़ाव बन चुका है।